Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP Politics: संगठन के विस्तार पर कांग्रेस में तेज हुआ मंथन, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय आज बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का करेंगे दौरा

    उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में मिली जीत के बाद पार्टी नए सिरे से खड़े होने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस में अब संगठन विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कांग्रेस सूचना का अधिकार विभाग के पदाधिकारियों के साथ बैठक की जिसमें मुख्य रूप से संगठन के विस्तार व भविष्य के कार्यक्रमों पर विमर्श किया गया।

    By Alok Mishra Edited By: Abhishek Pandey Updated: Sun, 14 Jul 2024 07:58 AM (IST)
    Hero Image
    कांग्रेस पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। कांग्रेस ने संगठन विस्तार के साथ ही कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर मंथन तेज किया है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने शनिवार को कांग्रेस सूचना का अधिकार विभाग के पदाधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें मुख्य रूप से संगठन के विस्तार व भविष्य के कार्यक्रमों पर विमर्श किया गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रदेश अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी रविवार को लखीमपुर खीरी में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। जिसके बाद 15 से 18 जुलाई के मध्य प्रदेश मुख्यालय में फ्रंटल संगठनों, विभागों व प्रकोष्ठों की समीक्षा बैठकें होगी।

    प्रदेश उपाध्यक्ष व फ्रंटल संगठनों के प्रभारी विश्वविजय सिंह रविवार को पार्टी मुख्यालय में महिला कांग्रेस मध्य जोन की पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। कांग्रेस प्रदेश स्तर पर कुछ कार्यक्रमों को एकसाथ शुरू करने पर विचार कर रही है। महिला कांग्रेस की सक्रियता बढ़ाने के लिए अलग-अलग कार्यक्रमों पर विचार किया जा रहा है। विभिन्न मुद्दों पर पूरे प्रदेश में एक साथ विरोध प्रदर्शन की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है।

    पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस माह के अंत तक पार्टी कुछ कार्यक्रमों को अंतिम रूप देकर अगले माह से उनकी शुरूआत करेगी।

    उपचुनाव में मिली जीत पर बांटी मिठाई

    कांग्रेसियों ने पार्टी मुख्यालय में शनिवार को सात राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए को 10 सीटों पर मिली जीत का जश्न मनाया। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय व कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने कार्यकर्ताओं काे मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया। आतिशबाजी भी की गई।

    पूर्व विधायक अखिलेश प्रताप सिंह, वरिष्ठ नेता द्विजेन्द्र त्रिपाठी, वीरेन्द्र मदान, ओंकारनाथ सिंह, अशोक सिंह, संजय सिंह, मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष श्रीवास्तव हिंदवी, प्रवक्ता अंशू अवस्थी, प्रियंका गुप्ता, सचिन रावत, लखनऊ जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी, शहर अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी व अन्य नेताओं ने भी मिठाई बांटी।

    मजलिस में शामिल हुए प्रदेश अध्यक्ष

    कांग्रेस सभी वर्गों के बीच अपनी पैठ बढ़ाने का प्रयास कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय व अन्य पदाधिकारियों ने लखनऊ में सादात अली खान मकबरा में मोहर्रम की मजलिस में हिस्सा लिया। कांग्रेस नेता रविवार को मोहर्रम के जुलूस में भी शामिल होंगे।

    इसे भी पढ़ें: पार्षद ने उठाए भाजपा की सूची पर सवाल, पत्र लिखकर पूछ लिया- किस आधार पर वोट डालने आऊंगा?