लखनऊ, जेएनएन। कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के इलाज में आ रही परेशानी को लेकर कांग्रेस नेता सरकार पर हमलावर होते जा रहे हैं। राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने अव्यवस्थाओं को लेकर सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी चुनौती दी।

प्रियंका वाड्रा ने रविवार को दो ट्वीट किए। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मुख्यमंत्री जी, पूरे उत्तर प्रदेश में ऑक्सीजन इमरजेंसी है। आपको मेरे ऊपर केस लगाना है, संपत्ति जब्त करनी है तो अवश्य करें। मगर भगवान के लिए स्थिति की गंभीरता को पहचानिए और तुरंत लोगों की जान बचाने के काम में लगें।

कुछ अखबारों की खबरों की कटिंग ट्विटर पर साझा करते हुए प्रियंका वाड्रा ने लिखा- इस संकट के समय जनता से झूठ बोलने की सजा क्या होनी चाहिए? जरा खुद को उन मरीजों की जगह रखकर देखिए जिनको कहा जाता है ऑक्सीजन की कमी की वजह से दाखिला नहीं मिलेगा। ऑक्सीजन कम है, मरीज ले जाओ। संवेदनहीन सरकार ही ऐसा वक्तव्य देगी।

इसी तरह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बयान जारी कर कहा कि कोरोना संक्रमित मरीजों को सरकारी अस्पतालों सहित सरकार द्वारा घोषित किए गए कोविड फैसिलिटी सेंटर्स में स्वथ्य होने के लिए मिलने वाली सुविधाओं का पूरी तरह अभाव है। सरकार द्वारा ऑक्सीजन की कमी नहीं होने देने के दावे में किसी तरह की सत्यता जमीन पर नहीं दिखाई दे रही है। होम आइसोलेशन के गंभीर मरीजों को ऑक्सीजन व दवाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। उसके बाद भी सरकार झूठे दावे करने से बाज न आते हुए जनता को गुमराह कर रही है। सरकार की अनदेखी के कारण हर तरफ मौत का मातम है।

प्रियंका ने छत्तीसगढ़ से लखनऊ मंगवाई ऑक्सीजन : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने एक ऑक्सीजन टैंकर के फोटो के साथ ट्वीट कर बताया कि ऑक्सीजन संकट से जूझ रहे लखनऊ के लिए प्रियंका वाड्रा के आग्रह पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 16 टन ऑक्सीजन गैस का टैंकर मेदांता लखनऊ के लिए भेजा है। इस विषम परिस्थिति में मदद के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार भी जताया।