नौसिखिया और निकम्मों के हाथ देश की अर्थव्यवस्था : पीएल पुनिया Barabanki News
कांग्रेस के नेता राज्यसभा सदस्य डॉ. पीएल पुनिया ने प्याज की महंगाई पर वित्तमंत्री के खिलाफ की टिप्पणी।
बाराबंकी, जेएनएन। कांग्रेस के नेता राज्यसभा सदस्य डॉ. पीएल पुनिया ने रविवार को प्याज की महंगाई के मुद्दे पर देश की वित्तमंत्री पर कड़े शब्दों में टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था नौसिया और निकम्मों के हाथ में है। विकास दर आठ से साढ़े चार प्रतिशत पर पहुंच गई है। मौसम खराब होने से प्याज उत्पादन कम होने की जानकारी देश को थी फिर भी बाहर से प्याज मंगाने की व्यवस्था नहीं की गई। ऐसे में गरीबों की सब्जी प्याज अब उनकी पहुंच से दूर निकलकर अमीरों की सब्जी हो गई है।
पुनिया से जब यह पूछा गया कि कांग्रेस की सरकार में भी तो वही अधिकारी थे जो आज हैं। ऐसे में नौसिखिया व निक्कमा कौन? इस पर पुनिया ने कहा कि प्याज की महंगाई का मुद्दा सदन में उठाया गया तो वित्तमंत्री का यह कहना कि वह प्याज नहीं खाती। इससे बड़ा उदाहरण नौसिखिया व निकम्मेपन का और क्या हो सकता है?
पुनिया ने कहा कि 14 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित धरने के जरिए कांग्रेस भाजपा सरकार की नाकामियों को उजागर करेगी। बाराबंकी जिले से काफी संख्या में लोग दिल्ली जाएंगे। पुनिया ने कहा कि देश को बेचने की तैयारी भाजपा सरकार में हो रही है। अंबानी व अडानी को छह एयरपोर्ट दे दिए गए। रेलवे को भी बेचने की तैयारी है।
महिलाएं सुरक्षित नहीं
पुनिया ने कानून व्यवस्था के नाम पर प्रदेश सरकार को फेल बताया। उन्होंने कहा कि महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। उन्नाव में दुष्कर्म के आरोपित विधायक को बचाने की कोशिश होती रही। सांसद आरोपी से जेल में मिलने गए। वहीं दूसरे दुष्कर्म कांड के आरोपितों ने जेल से छूटकर युवती को जिंदा जला दिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मो. मोहसिन, पूर्व जिलाध्यक्ष अमरनाथ मिश्र, मो. नईम, सरजू शर्मा आदि मौजूद रहे।