शासन पहुंची हेड मास्टर की शिकायत, पत्नी के हस्ताक्षर बनाकर उपस्थिति लगाने का आरोप
चिनहट ब्लाक के पश्चिम गांव के प्राथमिक स्कूल का मामला अभिभावकों ने स्कूल के हेडमास्टर पर लगाए गंभीर आरोप।
लखनऊ, जेएनएन। चिनहट ब्लाक के पश्चिम गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के हेड मास्टर श्रवण यादव की शिकायत ग्रामीणों और अभिभावकों ने शासन में कई है। हेड मास्टर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिसके बाद बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारी को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
इस संबंध में विजय बहादुर, लवकुश, कन्हैयालाल, सुनीता शर्मा, संतोष गिरी, छोटे लाल समेत तमाम ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्राथमिक विद्यालय के हेड मास्टर पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री और महानिदेशक स्कूल शिक्षा को पत्र लिखा है। ग्रामीणों का आरोप है कि हेड मास्टर श्रवण यादव की पत्नी नीतू यादव शिक्षा मित्र हैं और वह विद्यालय नहीं आती हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई बाधित होती है। ऑनलाइन क्लास भी नहीं चल पाती हैं। हेड मास्टर अपनी पत्नी के दस्तखत खुद बनाते हैं। हेड मास्टर ने अपनी चाची को विद्यालय में रसोइया बना दिया। इसके साथ ही वह हमेशा अपने परिवार के लोगों को ही विद्यालय की प्रबंध समिति में रखते आए हैं। एमडीएम में बच्चों को पूरा खाना नहीं दिया जाता है। विद्यालय की सहायक अध्यापिका रीता यादव जब छुट्टी पर रहती हैं तो हेड मास्टर विद्यालय भी नहीं आते हैं। इसके साथ ही अभिभावक और ग्रामीणों से हेड मास्टर का बर्ताव ठीक नहीं है। अभिभवकों के विरोध पर हेड मास्टर अभद्रता करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बीते दिनों पूर्व प्रधान ओमप्रकाश ने विद्यालय में वर्ष 2014 से 2020 तक हुए सरकारी धन के खर्च समेत नौ बिंदुओं पर आरटीआइ मांगी थी।
इस पर उनसे भी अभद्रता की। इस सम्बंध में हेड मास्टर श्रवण यादव ने बताया कि उन पर लगे सारे आरोप निराधार हैं। विद्यालय की सहायक अध्यापिका रीता यादव ने ग्रामीणों के साथ मिलकर उनके खिलाफ साजिश कर रही हैं। ग्रामीणों को उकसा कर विद्यालय की बाउंड्री वाल से मोबाइल में वीडियो बनवाती हैं। वह कभी समय से विद्यालय भी नहीं आती हैं। उनकी शिकायत भी उच्चाधिकारियों से की है। मामले की जांच चल रही है। खंड शिक्षाधिकारी चिनहट इंद्रा देवी ने बताया कि विद्यालय में हेड मास्टर और सहायक शिक्षिका रीता यादव के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है। हेड मास्टर का ग्रामीणों से बर्ताव ठीक नहीं है।