उत्तर प्रदेश में भीषण गलन और ठिठुरन से अभी नहीं मिलेगी निजात
पहाड़ों पर बर्फबारी से उत्तर प्रदेश में लगातार ठंड पड़ रही है। शाम होते ही गलन का प्रकोप शुरू है। भीषण ठंड से पशु-पक्षी तक दहल गए हैं।
लखनऊ (जेएनएन)। पहाड़ों पर बर्फबारी से उत्तर प्रदेश में लगातार ठंड पड़ रही है। दिन में धूप निकलने से गत दिनों के मुकाबले बुधवार को तापमान में कुछ इजाफा हुआ लेकिन शाम होते ही भीषण ठंड व गलन का प्रकोप जारी है। भीषण ठंड से पशुपक्षी दहल गए हैं। यत्र-तत्र पशु पक्षी धराशायी होकर दम तोड़ रहे हैं। सरकार कल से ठंड के लिए सुविधाएं देने का अभियान चलाने जा रही है। बावजूद इसके कंबल बंटना और अलाव जलना बहुत कम दिखाई दे रहा है। बुधवार को दिन का तापमान अधिक न बढ़ने के कारण पूरे दिन भीषण गलन व ठिठुरन बनी रही। मौसम विज्ञानियों की मानें तो अभी ठंड से निजात नहीं मिलेगी। पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। इसी का असर मैदानी क्षेत्रों में पड़ा है। पर्वतीय इलाकों से आ रही हवा वातावरण में गलन व ठिठुरन पैदा कर रही है।
विशेषज्ञों के मुताबिक आगामी कुछ दिन और ठंड से निजात मिलने की संभावना नहीं है। रात को भी मौसम इसी तरह बना रहेगा। घना कोहरा छाने की संभावना है। सोमवार व मंगलवार को भी लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा था। ठंड का आलम यह है कि लोग घरों में कैद है। बुजुर्ग, बच्चों की देखभाल के लिए लोग परेशान है।
बुधवार सुबह कोहरा काफी घना रहा। धूप के बावजूद दिन भर शीत लहर चलती रही। गलन की वजह से लोग अलाव भी तलाशते रहे। दिन के समय धुंध रही। गांव और शहर अधिकांश दुकानों में अंगीठी और बाहर अलाव जलते रहे। सरकारी कार्यालयों में कर्मचारी व अधिकारी हीटर ब्लोअर के सहारे ठंड से बचते रहे।