Lucknow Weather Update: बूंदाबांदी व बादलों संग सर्द हवाओं ने कंपाया, आज भी गरज चमक के साथ हो सकती है बारिश
बूंदाबांदी और सर्द के चलते निराश्रित व बेघरों को सबसे ज्यादा समस्याओं का सामना करना पड़ा। गरीब और असहाय लोग ठंड में ठिठुरते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को गरज चमक के साथ बारिश के आसार बने हुए हैं।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी में सोमवार की सुबह सर्द भरी रही। सुबह घना कोहरा रहा। साथ ही बूंदाबांदी भी हुई। इससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया। दिनभर चली सर्द हवाओं ने लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए। देर शाम फिर राजधानी के ज्यादातर इलाकों में बूंदाबांदी हुई। इससे सिहरन और भी बढ़ गई। बूंदाबांदी और सर्द के चलते निराश्रित व बेघरों को सबसे ज्यादा समस्याओं का सामना करना पड़ा। गरीब और असहाय लोग ठंड में ठिठुरते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को गरज चमक के साथ बारिश के आसार बने हुए हैं। इससे ठंड का प्रकोप और भी बढ़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री रहा जो सामान्य से 0.6 अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री रहा जो सामान्य से सात डिग्री ज्यादा है। तापमान सामान्य से अधिक रहने के बावजूद पूरे दिन बादलों के छाए रहने व धूप नहीं निकलने से लोगों ने कड़ाके की ठंड का एहसास किया। देर शाम हवाएं तेज होने से सर्दी और भी बढ़ गई। मौसम विभाग ने लखनऊ समेत प्रदेश भर में मंगलवार को गरज चमक के साथ छिटपुट बारिश होने की संभावना जताई है। इससे ठंड में और भी बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को बांदा और फतेहगढ़ सबसे अधिक सर्द जिले रहे बांदा में न्यूनतम तापमान छह डिग्री व फतेहगढ़ में 6.6 डिग्री रहा। अन्य जनपदों में तापमान सामान्य रहा, लेकिन बादलों की आवाजाही व अधिकांश जगहों पर दिनभर बादल छाए रहे। सर्द हवाएं भी चलती रही। इससे लोग ठिठुरते रहे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सोमवार को भी कई जनपदों में हल्की बारिश होने से ठंड बढ़ गई है। मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 23 डिग्री व न्यूनतम तापमान 14 डिग्री रहने की संभावना है। दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। बारिश के आसार भी बने हैं।