विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आदिशक्ति की आराधना तभी पूर्ण होगी, जब प्रदेश की मातृशक्ति सुरक्षित, सम्मानित और स्वावलंबी बनेगी: सीएम योगी

Published: Mon, 19 Oct 2026 08:27 AM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

सीएम योगी आदित्यनाथ

सीएम योगी आदित्यनाथ

डिजिटल डेस्क, लखनऊ/ नई दिल्ली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम संदेश जारी कर हार्दिक मंगलकामनाएं व्यक्त की हैं। अपने संदेश में उन्होंने नवरात्र के आध्यात्मिक महत्व को रेखांकित करने के साथ-साथ राज्य में नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।

आदिशक्ति की आराधना और सांस्कृतिक संदेश

सीएम योगी ने अपने संदेश में कहा कि नवरात्र महिषासुरमर्दिनी की विजय और शक्ति की आराधना का पर्व है। देवताओं की सामूहिक ऊर्जा से प्रकट हुईं मां दुर्गा ने महिषासुर का वध कर धर्म और न्याय की पुनर्स्थापना की थी। उन्होंने लंका विजय से पूर्व प्रभु श्रीराम द्वारा मां जगतजननी की साधना और 108 नीलकमलों में एक कम पड़ने पर अपना नयन अर्पित करने के निश्चय का स्मरण कराते हुए कहा कि मां ने प्रभु श्रीराम को विजय का वरदान दिया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ममता और वात्सल्य की प्रतिमूर्ति मां आवश्यकता पड़ने पर चंडी का रूप भी धारण करती हैं। यह पर्व अहंकार, दुराग्रह, आसक्ति और नकारात्मक प्रवृत्तियों पर विजय के साथ-साथ विनम्रता, साहस, शक्ति, संकल्प और न्याय का संदेश देता है।

सीएम योगी ने मां विंध्यवासिनी, मां पाटेश्वरी और मां शाकुम्भरी जैसे प्रमुख शक्तिपीठों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन स्थलों पर उमड़ती श्रद्धालुओं की आस्था यह दर्शाती है कि उत्तर प्रदेश आस्था, संस्कृति और परंपरा के पुनर्जागरण का सशक्त केंद्र बन रहा है। शक्तिपीठों में युवाओं की बढ़ती सहभागिता नई पीढ़ी के अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ाव का प्रतीक है।

मिशन शक्ति और नारी सशक्तीकरण के कदम

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आदिशक्ति की आराधना तभी पूर्ण मानी जाएगी, जब प्रदेश की मातृशक्ति सुरक्षित, सम्मानित और स्वावलंबी बनेगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 में शारदीय नवरात्र के अवसर पर ही 'मिशन शक्ति' अभियान की शुरुआत की गई थी, जिसका उद्देश्य नारी सुरक्षा और सम्मान को जनभागीदारी से जोड़ना है।

यह भी पढ़ें- यूपी में योगी सरकार की बड़ी घोषणा: किसानों के बच्चों को मिलेगी 60 हजार रुपये सालाना की छात्रवृत्ति