CM योगी ने जनता दर्शन में सुनीं समस्याएं, बोले- हर जरूरतमंद को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में फरियादियों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को समय पर निस्तारण के निर्देश दिए।
HighLights
जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं जन शिकायतें।
हर जरूरतमंद को सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश।
अवैध कब्जे, पुलिस मामलों में त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन में प्रदेश भर से आए फरियादियों से मुलाकात की, उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा के अंदर निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि हर जरूरतमंद को सरकार की योजनाओं का लाभ मिले इसका ध्यान रखा जाए। जनसेवा सरकार का कर्तव्य है और सरकार अपने कर्तव्य पथ पर चलकर जनता की सेवा कर रही है। हर उचित समस्याओं के समाधान के लिए सरकार संकल्पित है।
बरेली की रहने वालीं दीप्ति ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि वह किराए के मकान में रहती हैं और ठेला लगाकर जीवनयापन कर रही हैं। आर्थिक विपन्नता के कारण बच्चों के लालन-पालन में काफी परेशानी हो रही है।
मुख्यमंत्री ने बरेली के जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि महिला की समस्या सुनकर पीएम स्वनिधि योजना का लाभ दिलाते हुए स्थानीय स्तर पर समस्या का त्वरित समाधान कराएं। मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता को देखकर दीप्ति की आंखें भर आईं। चेहरे पर खुशी का भाव लिए हुए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते और उन्हें ढेर सारी दुआएं भी दीं।
जनता दर्शन में सीएम ने सुनीं समस्याएं
''जनता दर्शन'' में कुछ लोगों ने आवास की मांग से संबंधित प्रार्थना पत्र सौंपे। मुख्यमंत्री ने उनकी बातें सुनते हुए आश्वस्त किया कि सरकार हर पात्र व्यक्ति को प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध करा रही है।

संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को आवेदकों का पत्र भेजते हुए उन्हें निर्देशित भी किया। मुख्यमंत्री के पास कुछ लोगों ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार भी लगाई। मुख्यमंत्री ने तत्काल एस्टिमेट बनवाकर शासन को उपलब्ध कराने को कहा है।
यह भी पढ़ें- जनता दर्शन: सीएम योगी से रोजगार का भरोसा पाकर बरेली की दीप्ति की भर आईं आंखें, खूब दी दुआएं
वहीं, कुछ अभिभावकों ने आर्थिक परेशानी का जिक्र करते हुए बच्चों की पढ़ाई पर चिंता जताई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि किसी बच्चे का स्कूल नहीं छूटना चाहिए। बच्चे जहां पढ़ रहे हैं, वहीं उनकी शिक्षा जारी रहे, इसके लिए प्रबंधन से वार्ता कर बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था की जाए।
सीएम ने हर समस्या का लिया संज्ञान
योगी ने अवैध कब्जे और पुलिस से जुड़े मामलों में लापरवाही का संज्ञान लेते हुए इन प्रकरणों में तत्काल कार्रवाई कराने का निर्देश दिया और कहा कि स्थानीय पुलिस-प्रशासन समस्या का समाधान कराकर पीड़ितों को संतुष्ट करे।
