विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CM योगी ने पुलिस भवन निर्माण में गुणवत्ता को लेकर दिए सख्त निर्देश, होगा थर्ड पार्टी ऑडिट

Published: Wed, 27 May 2026 11:42 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस आवास निगम को निर्माण कार्यों में समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। ...और पढ़ें

CM योगी ने पुलिस भवन निर्माण में गुणवत्ता को लेकर दिए निर्देश।

CM योगी ने पुलिस भवन निर्माण में गुणवत्ता को लेकर दिए निर्देश।

HighLights

  1. पुलिस निर्माण कार्य समय पर, गुणवत्तापूर्ण हों।

  2. गुणवत्ता जांच के लिए थर्ड पार्टी ऑडिट अनिवार्य।

  3. पुलिस आवास निगम में मेरिट से भर्ती होगी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस आवास निगम को निर्देश दिए हैं कि पुलिस लाइन, थाना भवन, बैरक और अग्निशमन केंद्र जैसे सभी निर्माण कार्य तय समय पर और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने के लिए थर्ड पार्टी ऑडिट कराया जाए और निगम में खाली पदों पर भर्ती मेरिट के आधार पर की जाए।

उन्होंने बुधवार को पुलिस आवास निगम की समीक्षा बैठक में स्पष्ट किया कि आधुनिक पुलिसिंग के लिए मजबूत आधारभूत ढांचा बेहद जरूरी है।

अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में तकनीकी मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और जरूरत पड़ने पर तकनीकी विशेषज्ञों की मदद लेने के भी निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस आवास निगम प्रदेश के सभी 75 जिलों में कार्य कर रहा है।

निगम की छह निर्माण इकाइयों के माध्यम से कुल 233 परियोजनाएं संचालित हैं, जिनमें से 221 कार्य तय समयसीमा के भीतर चल रहे हैं। वर्ष 2023 से 20 मई तक करीब 1104 करोड़ रुपये की लागत से 1586 निर्माण कार्य पूरे किए जा चुके हैं।

इनमें बहुमंजिला बैरक, ट्रांजिट हास्टल, थाना भवन, अग्निशमन केंद्र, पुलिस चौकी, जीआरपी बैरक, एटीएस फील्ड यूनिट और महाकुंभ-2025 से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। थानों में महिला प्रसाधन जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।

बैठक में यह भी बताया गया कि पुलिस आवास निगम लगातार लाभ में है और वर्ष 2025-26 में अब तक 11.14 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया गया है। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के लिए निर्माण सामग्री की जांच, मोबाइल एप आधारित रियल टाइम मानिटरिंग और थर्ड पार्टी परीक्षण प्रणाली लागू की गई है।

यह भी पढ़ें- यूपी में असुरक्षित 3500 धरोहरों पर HC ने मांगा जवाब, राज्य सरकार को छह सप्ताह में शपथ पत्र दाखिल करने का निर्देश

यह भी पढ़ें- UP में 2019 से 2026 तक की भर्तियों पर उठे सवाल, सपा ने 22 सरकारी भर्तियों में 11 हजार आरक्षित पदों की लूट का लगायाआरोप