Move to Jagran APP

एनडी तिवारी के निधन पर राजकीय शोक में उत्तर प्रदेश, रविवार को अंत्येष्टि

देश में विकास पुरुष की भूमिका निभाने वाले उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के निधन से शोक की लहर फैल गई।

By Nawal MishraEdited By: Published: Thu, 18 Oct 2018 07:49 PM (IST)Updated: Fri, 19 Oct 2018 06:54 PM (IST)
एनडी तिवारी के निधन पर राजकीय शोक में उत्तर प्रदेश, रविवार को अंत्येष्टि
एनडी तिवारी के निधन पर राजकीय शोक में उत्तर प्रदेश, रविवार को अंत्येष्टि

लखनऊ (जेएनएन)। पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के निधन पर उप्र सरकार ने राजकीय शोक घोषित किया है। उनके अंत्येष्टि संस्कार के दिन प्रदेश में राष्ट्रीय ध्वज झुकाये जाएंगे। यदि उनका अंतिम संस्कार उत्तर प्रदेश में होता है तो पुलिस सम्मान के साथ अंत्येष्टि होगी। सामान्य प्रशासन विभाग ने गुरुवार को इस बारे में शासनादेश जारी कर दिया है। एनडी तिवारी के निधन पर उत्तर प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित, सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, उप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजबब्बर समेत कई प्रमुख नेताओं ने शोक जताया है।

loksabha election banner

राज्यपाल बोले, एनडी लोकप्रिय नेता

राज्यपाल राम नाईक ने अपने संदेश में कहा है कि एनडी तिवारी लोकप्रिय नेता रहे हैं और उनका व्यवहार सभी लोगों के साथ स्नेह पूर्ण था। आम आदमी के साथ उनका गहरा लगाव था। नाईक ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोकाकुल परिवारीजन के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनडी तिवारी के निधन पर शोक प्रकट किया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि एनडी तिवारी के निधन से उप्र और देश की अपूरणीय क्षति हुई है। उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान को हमेशा याद किया जाएगा

भाजपाइयों ने की शांति के लिए प्रार्थना

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय और प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने शोक प्रकट करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दुख प्रकट करते हुए कहा कि एनडी तिवारी ने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय रूप से भाग लिया था। आजादी के बाद स्वतंत्र भारत में उन्होंने सरकारों में रहकर विकास पुरुष की भूमिका निभाई। तिवारी के निधन पर सपा प्रदेश मुख्यालय में सपा का झंडा झुका दिया गया।

कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में शोक सभा 

कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में शोक सभा में नेताओं ने एनडी तिवारी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी। पूर्व मंत्री राम कृष्ण द्विवेदी, संपूर्णानंद, आरपी त्रिपाठी समेत कई नेताओं ने दुख प्रकट किया। कांग्रेस के पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी ने भी शोक जताया। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमेश दीक्षित ने एनडी के निधन पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि उनके निधन से भारतीय राजनीति में जो रिक्तता उत्पन्न हुई है, उसकी भरपाई हो पाना मुश्किल है। 

 

सीएम योगी ने की तिवारी के बेटे से बात

नारायण दत्त तिवारी के निधन की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को उनके पुत्र से बात की। संवेदना जताते हुए उन्होंने कहा कि अपनी लोकप्रियता, संवेदनशीलता और कुशल प्रशासन के लिए तिवारीजी हमेशा याद किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि नारायण दत्त तिवारी तीन बार उत्तर प्रदेश और एक बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे। केंद्र सरकार में भी कई बार मंत्री रहे। इसके अलावा उन्होंने कई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली। वह बिना किसी भेदभाव सबके विकास के हिमायती थे। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने बताया कि स्व. तिवारी के परिवारीजनों से उनकी बात हुई है। आगे उन्हें लेकर जो भी कार्यक्रम आयोजित होंगे, प्रदेश सरकार उसमें भरपूर सहयोग करेगी।  

एनडी का पार्थिव शरीर आएगा लखनऊ

एनडी तिवारी का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए शनिवार को लखनऊ आएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा से अनुरोध किया है कि वे दिल्ली जाकर एनडी तिवारी के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ लखनऊ लाएं। शनिवार को डॉ. शर्मा विशेष विमान से तिवारी का पार्थिव शरीर लाएंगे। योगी आदित्यनाथ ने एनडी के पुत्र रोहित शेखर तिवारी से बात कर शोक संवेदना व्यक्त करने के साथ ही आवश्यक व्यवस्था के लिए मुख्य सचिव को निर्देश दिए हैं। प्रदेश में 20 और 21 अक्टूबर को राजकीय शोक की घोषणा की गई है। पूर्व मुख्यमंत्री का पार्थिव शरीर 20 अक्टूबर, शनिवार को विधान भवन में अंतिम दर्शन एवं श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए रखा जाएगा।

रविवार को उत्तराखंड में अंत्येष्टि 

शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य गणमान्य व्यक्ति विधान भवन में एनडी तिवारी के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। शनिवार की शाम को ही तिवारी का पार्थिव शरीर पंतनगर, उत्तराखंड ले जाया जाएगा, जहां उनका दर्शन व श्रद्धांजलि अर्पित की जा सकेगी। रविवार को उत्तराखंड में तिवारी की अंत्येष्टि संपन्न होगी। योगी आदित्यनाथ ने रोहित शेखर तिवारी को ढाढस बंधाते हुए कहा कि एनडी तिवारी ने उप्र और उत्तराखंड के विकास और समृद्धि के लिए ऐतिहासिक कार्य किये। उनके द्वारा इन राज्यों में अनेक कल्याणकारी एवं विकास की योजनाओं का क्रियान्वयन किया गया। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.