योगी सरकार ने रचा पौधरोपण का इतिहास, नौ करोड़ लक्ष्य अधिक पौधे लगाए
योगी आदित्यनाथ सरकार ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पौधरोपण का नया इतिहास बना दिया। सरकार ने एक दिन में 9.30 करोड़ पौधरोपण कर पिछले सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए।
लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश सरकार ने आज 9 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य पूरा कर लिया है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पौधरोपण का नया इतिहास बना दिया। सरकार ने एक दिन में 9.30 करोड़ पौधरोपण कर पिछले सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। मुख्यमंत्री ने लक्ष्य से अधिक पौधरोपण किए जाने पर वन मंत्री दारा सिंह चौहान को फोन पर बधाई दी। पौधरोपण के इस महाभियान में वन विभाग सहित 26 विभागों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। इस विशेष पौधरोपण अभियान की शुरुआत राजधानी लखनऊ में राज्यपाल राम नाईक ने गोमती रिवर फ्रंट से की। उन्होंने यहां अशोक व मौलश्री का पौधा लगाया। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में पौधरोपण किया। इसके अलावा जिलों में प्रभारी मंत्री व अफसरों ने पौधरोपण अभियान की कमान संभाली।
लक्ष्य से अधिक पौधरोपण
इससे पहले अखिलेश यादव की सरकार ने वर्ष 2016 में एक दिन में पांच करोड़ पौधरोपण कर गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज किया था। इस बार योगी सरकार ने इतिहास बनाया है। वन मंत्री दारा सिंह चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री ने नौ करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य दिया था, लेकिन हम लोगों ने लक्ष्य से अधिक पौधरोपण किया है। यह आंकड़ा देर रात तक और बढ़ जाएगा। वन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री की एक अपील का असर पूरे प्रदेश में दिखाई दिया। पौधरोपण को जनआंदोलन का रूप देकर इस सफलता को प्राप्त किया गया है। प्रदूषण खत्म करने व पर्यावरण संरक्षण के लिए हमारी सरकार पूरी तल्लीनता से काम कर रही है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए वन विभाग सहित सभी विभागों को मैं बधाई देता हूं। इससे पहले प्रदेश में कभी इतने पौधे एक दिन में नहीं लगाए गए।
पौधरोपण के बाद खूब ली सेल्फी
सरकार ने पौधरोपण के साथ ही सेल्फी विद ग्रीन यूपी अभियान शुरू किया है। इसमें पौधे लगाने के बाद सेल्फी लेकर वन विभाग को भेजना है। इसका भी लोगों में खूब उत्साह दिखाई दिया। ट्विटर पर पौधरोपण के साथ खूब सेल्फी डाली गई। सरकार हर जिले से 10 चयनित लोगों को पुरस्कार भी देगी। साथ ही सभी आने वाली सेल्फी में सर्वश्रेष्ठ 50 लोगों को प्रदेश स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। वन मंत्री दारा सिंह चौहान कहा कि एक दिन में सबसे अधिक पौधरोपण का इतिहास हमने बना दिया है। जहां तक गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड की बात है तो उसके लिए हमें तीन महीने पहले से आवेदन करना पड़ता है। इस बार हम पहले से आवेदन नहीं कर पाए थे।
लक्ष्य से अधिक पौधरोपण करने वाले सर्वश्रेष्ठ 10 जिले
जिला-लक्ष्य प्रतिशत
- संतकबीर नगर-116
- गाजियाबाद-114
- बरेली-114
- बलरामपुर-113
- इटावा-112
- मेरठ-111
- गोंडा-109
- महाराजगंज-108
- इलाहाबाद-108
- कासगंज-108
- हरदोई-108
किस विभाग ने कितने लगाए पौधे
विभाग-पौधों की संख्या (लाख में)
- -वन एवं वन्यजीव-201.61
- -पंचायती राज-88.82
- -राजस्व-72.40
- -ग्राम्य विकास-317.28
- -आवास विभाग-3.45
- -औद्योगिक विकास-2.24
- -नगर विकास-22.38
- -लोक निर्माण-10.18
- -सिंचाई विभाग-10.57
- -रेशम विभाग-2.19
- -कृषि विभाग-17.52
- -पशुपालन विभाग-4.12
- -सहकारिता विभाग-3.46
- -उद्योग विभाग-5.23
- विद्युत विभाग-2.95
- माध्यमिक शिक्षा-13.34
- बेसिक शिक्षा-14.53
- प्राविधिक शिक्षा-4.76
- उच्च शिक्षा-6.20
- श्रम विभाग-1.70
- स्वास्थ्य/चिकित्सा शिक्षा-5.77
- परिवहन विभाग-1.58
- रेलवे विभाग-2.94
- उद्यान विभाग-3.21
- पुलिस विभाग-4.19
- रक्षा विभाग-2.09
- अन्य विभाग-4.31