विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीएम योगी का यूपी पुलिस को तोहफा: भत्तों में बढ़ोतरी, मोटरसाइकिल के 1000 और सिम के लिए मिलेंगे 2500 रुपये

By Aditya TiwariEdited By: Shivam Yadav
Published: Wed, 21 Oct 2026 05:30 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस स्मृति दिवस पर यूपी पुलिसकर्मियों के विभिन्न भत्तों में वृद्धि की घोषणा की।

News Article Hero Image

HighLights

  1. पुलिस स्मृति दिवस पर सीएम योगी की घोषणा।

  2. मोटरसाइकिल भत्ता 700 से 1000 रुपये प्रतिमाह हुआ।

  3. सिम/मोबाइल भत्ता 2000 से 2500 रुपये बढ़ा।

 

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिसकर्मियों को बड़ी सौगात देते हुए विभिन्न भत्तों में बढ़ोतरी की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने फील्ड ड्यूटी में मिलने वाले मोटरसाइकिल भत्ते को 700 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये प्रतिमाह, पीपीएस अधिकारियों को पांच वर्ष में मिलने वाले भत्ते को 6400 रुपये से बढ़ाकर 15 हजार रुपये तथा सिम/मोबाइल भत्ते को 2000 रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में पुलिसकर्मियों की सुविधाओं और उनके कल्याण का ध्यान रखना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में पुलिस बल को मजबूत करने के साथ-साथ पुलिसकर्मियों की सुविधाओं में भी लगातार वृद्धि की गई है। पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के लिए पांच लाख रुपये तक के कैशलेस स्वास्थ्य कार्ड की व्यवस्था की गई है। प्रशिक्षण क्षमता में भी कई गुना वृद्धि की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पुलिसकर्मियों को बेहतर संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें निर्भीक होकर कानून का पालन कराने के लिए सक्षम बनाना है। पुलिसकर्मी गरीब, पीड़ित, व्यापारी और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ अपराध और माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी ढंग से लागू कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस केवल अमर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि उनके त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर कर्तव्य के प्रति और अधिक समर्पित होने का संकल्प लेने का दिन भी है।

यह भी पढ़ें- पुलिस स्मृति दिवस पर सीएम योगी ने शहीदों को किया नमन, बोले- 'नए यूपी में कानून से ऊपर कोई नहीं'

यह भी पढ़ें- पुलिस स्मृति दिवस पर बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर, सीएम धामी ने किया 1600 पदों को जल्द भरने का एलान