योगी ने की केरल के बाढ़ पीड़ितों के लिए 15 करोड़ रुपये की राहत की घोषणा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केरल के बाढ़ पीड़ितों के लिए 15 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। यह राहत पैकेज के रूप में होगी।
लखनऊ (जेएनएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केरल के बाढ़ पीड़ितों के लिए 15 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने वहां राहत सामग्री और जरूरी दवाएं भेजने के भी निर्देश दिये हैं। योगी ने स्वयंसेवी संस्थाओं एवं समाजसेवियों से भी केरल के लोगों की बढ़-चढ़कर मदद करने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि आपदा की इस घड़ी में उप्र सरकार और यहां के लोग केरलवासियों के साथ हैं। उन्होंने बाढ़ से हुई जान-माल की क्षति पर दुख भी जताया है।
केंद्र की घोषणा के बाद यूपी से राहत
दरअसल, केरल इन दिनों भीषण बाढ़ की चपेट में है। यहां आई बाढ़ से अब तक तीन सो से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। पूरे राज्य में हर तरफ जल प्रलय जैसा नजारा है। ताजा हालात को देखते केरल की मदद के लिए हर तरफ से मदद के लिए हाथ बढ़ने लगे हैं। उल्लेखनीय है कि आज बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल को 500 करोड़ का राहत पैकेज देने का ऐलान किया। इसके अलावा कई राज्यों ने केरल को सहायता देने की घोषणा की। यूपी के मुख्यमंत्री ने केरल के लिए 15 करोड़ रुपये का राहत पैकेज देने को कहा है।
सीएम योगी का ऐलान
केरल में आई बाढ़ ने पूरे राज्य में भयंकर तबाही मचाई है। बाढ़ से पीड़ित लोगों की मदद करने के लिए केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने मुख्यमंत्री डिस्ट्रेस रिलीफ फंड के द्वारा मदद मांगी है। इसके अलावा सेना और कई एनजीओ राज्य में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए दिन-रात कार्य कर रहे हैं। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने केरल को 15 करोड़ रुपये का राहत पैकेज देने का ऐलान किया है।
केरल को मदद के लिए उठे हाथ
- पंजाब 10 करोड़ रुपये
- दिल्ली 10 करोड़ रुपये
- ओडिशा 5 करोड़ रुपये
- बिहार 10 करोड़ रुपये
- हरियाणा 10 करोड़ रुपये
- महाराष्ट्र 20 करोड़ रुपये
- गुजरात 10 करोड़ रुपये
- छत्तीसगढ़ हर संभव मदद
बाढ़ पीडि़तों को एक दिन का वेतन देगी यूपी पुलिस
केरल बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए यूपी पुलिस के अधिकारी व जवान अपना एक दिन का वेतन देंगे। डीजीपी ओपी सिंह ने केरल में बाढ़ में हुई जनहानि पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि प्रदेश पुलिस बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में फंसे लोगों की सुरक्षा की कामना करती है। डीजीपी ने ट्वीट की अधीनस्थों से बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए अपना एक दिन का वेतन देेने की अपील की है।