सीएम योगी कल कैंसर इंस्टीट्यूट में करेंगे कल्याण सिंह की प्रतिमा का अनावरण, मिशन 2024 पर रहेगा फोकस
भाजपा लोकसभा चुनाव मिशन 2024 की तैयारियों में कोई कसर बाकी नहीं रखना चाहती है। यही कारण है कि 21 अगस्त को पूर प्रदेश में कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर बीजेपी सभी जिलों में कार्यक्रम करेगी। जिससे पिछड़ा वर्ग में भाजपा की मजबूत पकड़ बनी रहे।
लखनऊ, राज्य ब्यूरो। Kalyan Singh Death Anniversary अपने जीवनकाल में उत्तर प्रदेश में भाजपा के लिए कल्याणकारी नेता साबित हुए दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह से पार्टी भावनाओं की डोर मजबूत रखना चाहती है।
अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए अपनी सरकार त्याग देने वाले कल्याण के प्रति पार्टी नेताओं की अगाध श्रद्धा का समंदर उनके निधन पर देखने को मिला था। उनके सम्मान में योगी सरकार ने राजधानी स्थित कैंसर इंस्टीट्यूट में अपने पूर्व नेता की प्रतिमा स्थापित कराई है, जिसका अनावरण 21 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) करेंगे।
इसके साथ ही प्रदेशभर में कल्याण सिंह की पुण्यतिथि मनाकर भाजपा लोध बिरादरी के प्रभाव वाले 25 जिलों को भी संदेश देना चाहेगी। कल्याण सिंह का निधन बीते वर्ष हो गया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेता उनके निधन पर लखनऊ पहुंचे थे। उनकी याद में लखनऊ के कैंसर इंस्टीट्यूट में नौ फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है।
करीब 30 लाख रुपये की लागत से बनी कांस्य प्रतिमा का अनावरण 21 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। कार्यक्रम में तमाम मंत्री और भाजपा के बड़े पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। भाजपा ने प्रदेशभर में जिस तरह से अपने नेता की पुण्यतिथि मनाने की तैयारी की है, उससे इशारा मिलता है कि यह तैयारी प्रदेश में आठ प्रतिशत भागीदारी वाली लोध बिरादरी पर भी है।
राज्य के लगभग 25 जिलों की 75 सीटों पर इस बिरादरी का प्रभाव माना जाता है। इसके अलावा कल्याण सिंह अपने समय में पिछड़ा वर्ग के सबसे मजबूत नेता रहे हैं। प्रदेश में सबसे अधिक आबादी पिछड़ा वर्ग की है, इसलिए इस वर्ग को भाजपा मजबूती के साथ जोड़े रखना चाहती है।