विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 07, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'किसी भी जाति-सम्प्रदाय पर अपमानजनक टिप्पणी बर्दाश्‍त नहीं', सीएम योगी बोले- चुकानी पड़ेगी भारी कीमत

Published: Mon, 07 Oct 2024 12:22 PM (IST)Updated: Mon, 07 Oct 2024 03:28 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी ने कहा क‍ि कोई भी व्यक्ति अगर आस्था के साथ खिलवाड़ करेगा महापुरुषों देवी-देवता संप्रदाय आदि की आस्था ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आद‍ित्‍यनाथ।- फाइल फोटो
उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आद‍ित्‍यनाथ।- फाइल फोटो

HighLights

  1. योगी ने कहा, विरोध के नाम पर अराजकता स्वीकार नहीं, दुस्साहस किया तो चुकानी पड़ेगी कीमत
  2. त्योहारों के दृष्टिगत वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री ने की बैठक, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
  3. पुलिस को निर्देश, कानून के विरुद्ध कार्य करने वालों के साथ सख्ती से निपटें

जागरण टीम, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि किसी भी जाति, मत-मजहब या संप्रदाय से जुड़े हुए ईष्ट देवी-देवता, महापुरुषों अथवा साधु-संतों के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी अस्वीकार्य है, लेकिन विरोध के नाम पर अराजकता भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

त्योहारों के दृष्टिगत सोमवार को मुख्य सचिव, डीजीपी, अपर मुख्य सचिव गृह, एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हर मत, संप्रदाय की आस्था का सम्मान होना चाहिए। महापुरुषों के प्रति प्रत्येक नागरिक के मन में कृतज्ञता का भाव होना चाहिए, लेकिन इसके लिए बाध्य नहीं किया सकता और जबरन किसी पर थोपा भी नहीं जा सकता।

व‍िरोध के नाम पर अराजकता की तो चुकानी होगी कीमत

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी व्यक्ति अगर आस्था के साथ खिलवाड़ करेगा, महापुरुषों, देवी-देवता, संप्रदाय आदि की आस्था के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करेगा, तो उसे कानून के दायरे में लाकर कठोरतापूर्वक सजा दिलवाई जाएगी, लेकिन सभी मत, मजहब, सम्प्रदाय के लोगों को एक-दूसरे का सम्मान करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विरोध के नाम पर अराजकता, तोड़फोड़ अथवा आगजनी स्वीकार नहीं है, जो कोई ऐसा दुस्साहस करेगा, उसे उसकी कीमत चुकानी होगी।

त्‍योहारों को लेकर द‍िए दि‍शा-न‍िर्देश

मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि विजयदशमी का पर्व हर्षोल्लास शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल के बीच संपन्न हो, यह प्रत्येक जनपद-प्रत्येक थाना को सुनिश्चित करना होगा। माहौल खराब करने वालों को चिह्नित कर कठोर कार्रवाई करें। कानून के विरुद्ध कार्य करने वालों के साथ सख्ती से निपटें। महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में फुट पैट्रोलिंग और पीआरवी 112 की पैट्रोलिंग तेज की जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं-बेटियों की सुरक्षा व सुविधा सुनिश्चित होनी चाहिए, इसके लिए सभी विभाग मिलकर काम करें।

यह भी पढ़ें: योगी सरकार की बड़ी सौगात, CHO का मानदेय बढ़ाया; अब हर महीने मिलेंगे 25 हजार रुपये