CM Yogi Adityanath: सीएम योगी आदित्यनाथ का अयोध्या दौरा आज, करेंगे चिकित्सा व्यवस्था की समीक्षा
CM Yogi Adityanath on Ayodhya Visit मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को अयोध्या में चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लेंगे। वह मेडिकल कॉलेज व जिला चिकित्सालय का निरीक्षण करेंगे। यहां के मसौधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को मुख्यमंत्री ने गोद भी लिया है।
अयोध्या, जेएनएन। बहुजन समाज पार्टी के रामनगरी अयोध्या से शुक्रवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के अभियान के आगाज के साथ ही यहां का पॉलिटिकल तापमान बढ़ गया है। बसपा के प्रबुद्ध वर्ग के सम्मेलन के बाद रविवार को सीएम योगी आदित्यनाथ अयोध्या का दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री रविवार को अपनी कर्मभूमि गोरखपुर से अयोध्या पहुंचेंगे। वह शुक्रवार को ही गोरखपुर पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को अयोध्या में चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लेंगे। वह मेडिकल कॉलेज व जिला चिकित्सालय का निरीक्षण करेंगे। यहां के मसौधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को मुख्यमंत्री ने गोद भी लिया है। माना जा रहा है कि इस दौरान वह मसौधा सीएचसी का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले सकते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसके साथ ही रविवार को रामलला तथा हनुमान गढ़ी जाकर बजरंगबली का भी दर्शन पूजन करेंगे। अयोध्या प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री पार्टी के कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या आगमन का हालांकि अभी आधिकारिक कार्यक्रम नहीं आया है, लेकिन जिला प्रशासन उनके दौरे की तैयारियों में जुट गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ निर्माणाधीन दशरथ मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करेंगे। दर्शन नगर अस्पताल में लगे ऑक्सीजन प्लांट का जायजा लेंगे।
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान भी उन्होंने रामनगर आकर यहां की सभी स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। माना जा रहा है कि अब वह अपने इस दौरे में कोरोना की तीसरी लहर से निपटने की यहां पर की गई तैयारियों का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश में तीसरी लहर को लेकर बेहद गंभीर हैं। इसी कारण उन्होंने अभी तक प्रदेश में स्कूलों को नहीं खोलने का फैसला किया है। इसके साथ ही वह हर मंडल का दौरा कर तीसरी लहर से निपटने की तैयारी को परख रहे हैं। रविवार को अयोध्या दौरे के बाद वह लखनऊ वापसी करेंगे।