सीएम योगी का निर्देश, बिना एनओसी और अग्नि सुरक्षा के चल रहे व्यवसायिक प्रतिष्ठान व अपार्टमेंट के खिलाफ करें कार्रवाई
लखनऊ में करीब 90 फीसद होटल ऐसे हैं जो बिना अग्नि सुरक्षा के चल रहे हैं। लेकिन अग्रिशमन विभाग कार्रवाई करने के नाम पर सिर्फ नोटिस जारी करता है। अब सीएम के निर्देश के बाद बिना एनओसी के चल रहे व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के लिए खहते की घंटी बज चुकी है।
लखनऊ, जागरण संवाददाता। शहर में बिना एनओसी और अग्नि सुरक्षा के चल रहें होटलों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, अपार्टमेंट और इमारतों की जांच करने और कार्रवाई के निर्देश सीएम योगी ने दिए हैं। यह आदेश दैनिक जागरण द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान और दिल्ली के मुंडका इलाके में हुए भीषण अग्निकांड का संज्ञान लेते हुए दिए गए हैं। दमकल विभाग के अफसर मंगलवार से व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ विशेष अभियान चलाएंगे।
शहर के 90 फीसद व्यवसायिक प्रतिष्ठान बिना अग्नि सुरक्षा के : 90 फीसद होटल, व्यवसायिक प्रतिष्ठान और इमारतें बिना एनओसी के चल रही हैं। इनमें कहीं अग्नि सुरक्षा के बंदोबस्त नहीं हैं। चारबाग, नाका और लालकुंआ रोड पर सबसे अधिक होटल एेसे हैं जिनके संचालक मानकों को ताख पर रखकर प्रतिष्ठानों का संचालन कर रहे हैं।
वहीं, जानकारी के बाद भी दमकल विभाग के अधिकारी इमारत स्वामियों पर कार्रवाई करने के बजाए नोटिस देकर पल्ला झाड़ लेते हैं। सालों पहले जिन होटलों को नोटिस जारी की गई थी। वहां के अभी भी हालात नहीं सुधरे। बीते 13 अप्रैल को गोमतीनगर में बिना एनओसी के चल रहे सेवी ग्रैंड होटल में भीषण आग प्रबंधन की लापरवाही से लगी थी। अग्निकांड के दौरान कर्मचारियों और आगंतुकों समेत करीब 100 लोग फंस गए थे।
शहर में हुए भीषण और जानलेवा अग्निकांड
- 02 मई 2022 : लाटूश रोड पर जानकीबाजार इलेक्ट्रानिक्स दुकानों और गोदाम में भीषण आग। आठ घण्टे बाद आग पर काबू पाया गया।
- 01 अप्रैल 2022 : गुईन रोड पर तीन मंजिला काम्प्लेक्स में स्टेशनरी शाप और गोदाम में भीषण आग लगी थी। छह लोग फंसे थे।
- 07 मार्च 2022 : अमीनाबाद में पेंट दुकान में भीषण आग।
- 24 मार्च 2021 : गड़बड़ झाला बाजार में प्लास्टिक के सामान की चार दुकानें जलीं।
- दो अप्रैल 2021 ः ऐशबाग में अवैध आरामशीन में अग्निकांड के दौरान मजदूर की जिंदा जलकर मौत।
- 23 जनवरी 2021 ः आलमबाग पकरी का पुल के पास घर के बेसमेंट में चल रहे टेंट गोदाम में आग लगी। दो मासूम बच्चों की जिंदा जलकर मौत हुई।
- छह मार्च 2021 ः बीकेटी में बिंदेश्वरी कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस रिसाव से दो मजदूरों की मौत हुई और आधा दर्जन से अधिक घायल हुए।
- 30 अप्रैल 2019 : देर रात इंदिरानगर के तकरोही में घनी बस्ती में बने टीएन सिंह के मकान में संचालित गैस चूल्हा गोदाम में आग लगी थी। जिसमें एक मासूम बच्चे समेत पांच लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई थी।
- 04 अप्रैल 2018 : हुसैनाबाद की फातिमा कॉलोनी रिहायशी इलाके में स्थित एक गैस वेल्डिंग और लोहे की टंकी बनाने वाले कारखाने में गैस रिसाव से करीब सात लोग गंभीर हो गए थे।
- 19 जून 2018 को चारबाग स्थिति होटल विराट और एसएसजे इंटरनेशनल में हुए भीषण अग्निकांड में सात लोगों की जान चली गई थी।
- 27 नवंबर 2017 : ऐशबाग रोड हैदरगंज चौराहे के पास आबादी में हरियाणा कोल्ड स्टोरेज में भीषण आग लगी थी। तीन दिन बाद आग पर काबू पाया जा सका था।
- 31 अक्टूबर 2016 : अलीगंज रिहायशी इलाके में स्थिति साहू एजेंसीज के गोदाम में भीषण अग्निकांड हुआ था। दो दिन बाद दीवार को ध्वस्त करके आग पर काबू पाया जा सका था।
- 11 मार्च 2016 : अमीनाबाद की सबसे घनी बाजार मुमताज मार्केट में भीषण आग लग गई थी। तीन दिन बाद आग पर काबू पाया जा सका था। करीब 70 दुकानें जली थीं।