Move to Jagran APP

सीएम योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में रवाना की भाजपा कमल संदेश बाइक रैली

भारतीय जनता पार्टी केंद्र सरकार की सभी उपलब्धियों को अब जन-जन तक पहुंचा रही है। इसी क्रम में आज कमल संदेश बाइक रैली का आयोजन किया गया है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Sat, 17 Nov 2018 01:47 PM (IST)Updated: Sat, 17 Nov 2018 01:47 PM (IST)
सीएम योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में रवाना की भाजपा कमल संदेश बाइक रैली
सीएम योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में रवाना की भाजपा कमल संदेश बाइक रैली

लखनऊ (जेएनएन)। लोकसभा चुनाव को लेकर बेहद गंभीर भारतीय जनता पार्टी केंद्र सरकार की सभी उपलब्धियों को अब जन-जन तक पहुंचा रही है। इसी क्रम में आज कमल संदेश बाइक रैली का आयोजन किया गया ।

loksabha election banner

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में तो डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज तथा डॉ. दिनेश शर्मा ने लखनऊ में कमल संदेश बाइक रैली को रवाना किया। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की हर उपलब्धि को जन-जन तक पहुंचाने के लिए आज भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश के 80 लोकसभा क्षेत्र में कमल संदेश बाइक रैली का आयोजन किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के गेट से बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में काशी में देश के पहले जलमार्ग का शुभारंभ किया है, जिससे काशी को एक नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि भारत की छवि को दुनिया के सामने सकारात्मक तरीके से पहुंचने में मदद मिली है। देश की संसद में उत्तर प्रदेश और काशी के प्रतिनिधि के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हम सबको गौरव की अनुभूति करनी चाहिए और काशी का यह संदेश पूरे देश में देना चाहिए। सीएम ने कहा कि पांच राज्यों में इस समय चुनाव चल रहे हैं और वहां भी यहां की रैली का संदेश पहुंचना चाहिए ताकि वहां के कार्यकर्ता भी उत्साहित रहें। सीएम योगी ने कहा कि हम सब आज इस रैली में सभा करने के लिए काशी की धरती पर आए हैं। सीएम योगी ने कहा कि हमारे पास पीएम मोदी के नेतृत्व की केंद्र सरकार की साढ़े चार सालों की उपलब्धियों की एक लंबी श्रृंखला है और विकास के पायदान पर काशी के अंदर पीएम मोदी के पिछले दो दौरे के दौरान काशी में 5 हजार करोड़ की लागत से विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा वर्ष 2019 पूरे देश और दुनिया के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज हमको जनता पर केंद्र सरकार की हर योजना को ले जाना है। उन्होंने कहा कि जब जनता जागरूक होगी तो सभी लीकेज खत्म होंगे। उन्होंने कहा कि आज सभी लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाएं ले जाएं। यहां से जय श्रीराम के नारों के बीच रैली निकली। इसी बीच सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी कार्यकर्ताओं को हेलमेट लगाने के लिए आगाह भी किया।

कमल संदेश बाइक रैली के क्रम में दूसरी ओर चोलापुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्रनाथ पांडेय ने अजगरा विधान सभा स्थित अमर शहीद जवान स्मारक से कमल संदेश बाइक रैली को झंडा दिखाकर रवाना किया। इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्रनाथ पांडेय कमल संदेश बाइक रैली के साथ चोलापुर से चंदौली तक गए।

लखनऊ में झूलेलाल वाटिका से उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कमल संदेश बाइक रैली को रवाना किया। उन्होंने भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की उपलब्धियां जनता तक ले जाने की अपील की। प्रयागराज में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कमल संदेश बाइक रैली को परेड मैदान से रवाना किया। परेड मैदान फूलपुर लोकसभा क्षेत्र में आता है, जहां से केशव प्रसाद मौर्य ने कमल खिलाया था। उन्होंने परेड के मैदान से फूलपुर लोकसभा कमल संदेश बाइक यात्रा को रवाना किया।

प्रदेश के सभी 80 लोकसभा क्षेत्र में आज भाजपा की कमल संदेश बाइक रैली का आयोजन है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय ने चंदौली में तो केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा ने गाजीपुर में बाइक रैली को रवाना किया। केंद्रीय मंत्री शिव प्रताप शुक्ल ने बाराबंकी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने सीतापुर, डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने गौतमबुद्धनगर, राज्यसभा सदस्य विजयपाल तोमर ने मेरठ, राज्यसभा सदस्य अनिल अग्रवाल ने फिरोजाबाद, राज्यसभा सदस्य अशोक बाजपेयी ने उन्नाव, प्रदेश सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने झांसी, डॉ. महेंद्र सिंह ने आगरा तथा प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर ने हरदोई में बाइक रैली को रवाना किया।

कानपुर के चौबेपुर में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में निकाली जा रही नियमों को ताक पर रखकर बाइक रैली में युवा शामिल हुए। फर्रुखाबाद में गुरूगांव मंदिर से फतेेहगढ के डीएन कॉलेज तक भाजपा कमल संदेश बाइक रैली निकाली गई।

शामली में कैराना लोकसभा की कमल संदेश बाइक रैली के दौरान कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। संदेश यात्रा के फ्लेक्सी बोर्ड पर स्वर्गीय सांसद हुकुम सिंह का फोटो ना होने पर कार्यकर्ता नाराज थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर फ्लेक्सी बोर्ड को उतरवाया।

लोकसभा चुनाव 2019 के लिए भाजपा पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुकी है और जनता के बीच अपने विकास कार्यों को बताने के लिए पहुंच रही है। इसे 2019 लोकसभा चुनाव की तैयारियों को दृष्टिगत रखते हुए भाजपा की बड़ी तैयारी कहा जा सकता है। 

सीएम योगी आदित्यनाथ ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाते हुए कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहने और हेल्मेट लगाकर ही बाइक रैली में शामिल होने ही हिदायत दी थी। हालांकि भाजपा कार्यकर्ताओं पर इस हिदायत का कोई असर नहीं हुआ और अभी तक सामने आई तस्वीरों में अलीगढ़, लखनऊ, मेरठ समेत तमाम जगहों पर ज्यादातर भाजपा कार्यकर्ता बिना हेल्मेट कानून की धज्जियां उड़ाते नजर आए। बाइक रैली को लेकर युवा कार्यकर्ता काफी जोश में हैं, इसी जोश में उन्होंने जगह-जगह पर ट्रैफिक नियमों को भी जमकर तोड़ा । अधिकांश बिना हेलमेट के इसमें शामिल हैं तो कहीं-कहीं पर एक बाइक पर तीन-तीन कार्यकर्ता भी चल रहे। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.