लखनऊ, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने गुजरात के मोरबी में हुए पुल हादसे (Gujarat Morbi Bridge Collapse) पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि गुजरात के मोरबी में पुल टूटने से हुई दुर्घटना का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। सीएम योगी ने प्रभु श्री राम से प्रार्थना की है कि सभी प्रभावितों की रक्षा करें।
गुजरात के मोरबी में पुल टूटने से हुई दुर्घटना का अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ है।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि सभी प्रभावितों की रक्षा करें।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 30, 2022
अखिलेश यादव ने व्यक्त की संवेदना
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि गुजरात के मोरबी में पुल टूटने से हुए हादसे में हुई जनहानि की खबर अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना है। हम ईश्वर से लापता लोगों की सुरक्षा एवं सलामती की प्रार्थना करते हैं।
मच्छु नदी पर बना केबल पुल टूटा
गुजरात के मोरबी जिले में रविवार शाम मच्छु नदी पर बना केबल पुल टूट गया। यह पुल करीब 200 साल पुराना था। इस हादसे में 60 से ज्यादा लोगों की मृत्यु हो गई। हादसे के वक्त पुल पर 300 से अधिक लोग मौजूद थे। 70 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से बात की और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। मृतकों के स्वजन को केंद्र सरकार ने दो-दो लाख रुपये और प्रदेश सरकार ने चार-चार लाख रुपये देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों को प्रदेश सरकार की ओर 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की गई है।
#WATCH | Several people feared to be injured after a cable bridge collapsed in the Machchhu river in Gujarat's Morbi area today. Further details awaited. pic.twitter.com/hHZnnHm47L
— ANI (@ANI) October 30, 2022
दो साल से मरम्मत के लिए बंद था पुल
यह पुल पिछले दो साल से मरम्मत के लिए बंद था और काम पूरा होने के बाद एक दिन पहले ही लोगों के लिए खोला गया था। दीपावली की छुट्टियां और रविवार होने की वजह से महिलाओं और बच्चों समेत बड़ी संख्या में लोग पुल को देखने के लिए आए थे। पुल टूटते ही उस पर मौजूद सभी लोग मच्छू नदी में जा गिरे। पुल के साथ नदी में गिरे कुछ लोग तैरते हुए और उसकी केबल के जरिये ऊपर चढ़ते नजर आए।