स्मार्टफोन से काम होगा आसान और समय पर मिलेगा रियल टाइम डाटा : योगी आदित्यनाथ
CM Yogi Adityanath: सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत का भविष्य संवर रहा है। सुखद परिणाम सभी के सामने हैं।
HighLights
मुख्यमंत्री ने 69,000 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मुख्यसेविकाओं को बांटे स्मार्टफोन
आंगनबाड़ी केंद्रों और बाल विकास परियोजना कार्यालयों का शिलान्यास और लोकार्पण
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 69,000 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन व ग्रोथ मानिटरिंग उपकरण वितरित किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र बांटकर रोजगार को गति देने और प्रदेश अलग-अलग जिलों की परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास से बुनियादी ढांचे को भी मजबूती दी।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि आपको जो स्मार्टफोन दिया गया है उससे काम तो आसान होगा ही, समय पर रियल टाइम डाटा भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार तेजी से काम कर रही है। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र की नींव मजबूत भी की जा रही है।
हमने आंगनबाड़ी को भी हाईटेक बनाने की पहल की है। आगे भी इसमें सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज 702 आंगनबाड़ी केंद्रों का शिलान्यास किया गया है। 71 अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास किया है। कुल 313 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत का भविष्य संवर रहा है। सुखद परिणाम सभी के सामने हैं। पहले शराब माफिया पोषण वितरित करता था। चीजें खाने लायक नहीं दी जाती थीं। ठेका देने वाले आज नारेबाजी करते हैं। पहले सरकार में माफिया का वर्चस्व था। अब आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के माध्यम से सारा काम होता है।
उन्होंने कहा कि आज तो बिना किसी को पैसा दिए नौकरी मिल रही है। क्या ये 2017 से पहले संभव था। पहले वाली सरकार होती तो नौकरी नहीं मिलती। तब सिफारिश और पैसा दोनों चलता था। पहले पर्ची और खर्ची का बोलबाला था। गरीबों के हक पर डकैती डाली जाती थी।
उत्तर प्रदेश सरकार ने आंगनबाड़ी सेवाओं को डिजिटल और आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मुख्य सेविकाओं को ग्रोथ मानिटरिंग डिवाइस में स्टैडियोमीटर, इन्फैंटोमीटर और मदर-चाइल्ड वेटिंग स्केल प्रदान किया। इन उपकरणों के वितरण से बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की निगरानी अधिक सटीक और प्रभावी हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपा। लखनऊ में प्रतीकात्मक रूप से दस लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे, जबकि अन्य जिलों में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से हजारों चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया।
