सपा विधान परिषद सदस्य का सीएम पर अनदेखी का आरोप
प्रदेश सरकार के खिलाफ अब समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य ही खड़े हो रहे हैं। गोरखपुर जिले में समाजवादी पार्टी से विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने सूबे के मुख्यमंत्री पर उनकी बातों की अनदेखी का आरोप लगाया।
लखनऊ। प्रदेश सरकार के खिलाफ अब समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य ही खड़े हो रहे हैं। गोरखपुर जिले में समाजवादी पार्टी से विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने सूबे के मुख्यमंत्री पर उनकी बातों की अनदेखी का आरोप लगाया।
गोरखपुर के गगहा थानाक्षेत्र के गांव बासूडीहा तथा सिसायवल के ग्रामीणों में संघर्ष के बाद बासूडीहा के लोगों ने पुलिस पर उत्पीडऩ का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों एवं क्षेत्रीय लोगों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। यह सभी लोग कलेक्ट्रेट में ही सभा कर रहे हैं। एमएलसी ने आरोप लगाया कि एसएसपी प्रदीप कुमार के निर्देश पर इस मामले में एकतरफा कार्रवाई की गई और बासूडीहा के लोगों का फर्जी मामलों में फंसाया जा रहा है। उन्होंने शहर के एसएसपी पर आरोप लगाया कि उन्होंने बासूडीहा में पहुंचकर निर्दोष ग्रामीणों को घर से निकालकर पिटवाया। देंवेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री पर भी उनकी बातों की अनेदखी करने का आरोप लगाया और कहा कि वह खांटी समाजवादी हैं। अन्याय के खिलाफ लडऩा उन्होंने समाजवादी नेताओं से सीखा है। उन्होंने अन्याय के खिलाफ सड़क पर उतरने का फैसला लिया है।
उन्होंने कहा कि अब अगर पुलिस गांव में जाए तो हंसिया-कुदाल से हमला करें। उन्होंने कहा कि वे पुलिस से डरें नहीं, बल्कि उसका मुकबला करने को तैयार रहें। पुलिस यदि गांव में जाती है तो वे खेती-बारी के प्रयोग में आने वाले कुदाल, हंसिया आदि हाथ में लेकर उसका मुकाबला करें। उस पर हमला करके सबक सिखाएं।