पूर्व राज्यपाल लालजी टंडन की प्रतिमा का लोकार्पण 21 जुलाई को, सीएम और रक्षा मंत्री होंगे शामिल
प्रदेश के पूर्व मंत्री और बिहार और मध्य प्रदेश के राज्यपाल रहे स्वर्गीय लालजी टंडन की हजरतगंज में लगाई गई प्रतिमा के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे। उनके कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति मिल गई है।
लखनऊ, जागरण संवाददाता। प्रदेश के पूर्व मंत्री व बिहार और मध्य प्रदेश के राज्यपाल रहे स्वर्गीय लालजी टंडन की हजरतगंज में लगाई गई प्रतिमा के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे। उनके कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति मिल गई है। इसके अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डा. दिनेश शर्मा भी मौजूद रहेंगे।
स्वर्गीय टंडन की पहली पुण्यतिथि पर प्रतिमा का लोकार्पण 21 जुलाई को सुबह 11 बजे से हजरतगंज मल्टीलेवल पार्किेंग के सामने होगा। कार्यक्रम का फेसबुक लाइव भी होगा और जिन्हें आमंत्रित किया जाएगा, वहीं कार्यक्रम स्थल पर आ सकेंगे। कोरोना नियमों का पालन करते हुए डेढ़ सौ लोगों के ही जुटने की संभावना है और शेष लोग कार्यक्रम को ऑनलाइन देख सकेंगे। स्वर्गीय टंडन के पुत्र और नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन गोपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री कीकार्यक्रम में शामिल होने की सहमति मिल गई है। इसके अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और दोनों उप मुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में रहेंगे। कास्य की यह प्रतिमा साढ़े बारह फीट ऊंची है। हजरतगंज मल्टीलेवल पार्किंग के सामने फांउटेन के पीछे यह प्रतिमा लगाई गई है। प्रतिमा के सामने बने पिंक पुलिस बूथ को भी हटाने का काम चालू हो गया है।
नगर निगम सदन का निर्णयः नगर निगम सदन ने स्वर्गीय टंडन की प्रतिमा लगाने का निर्णय लिया था। टंडन नगर निगम के सभासद भी रह चुके थे और लखनऊ के सांसद के साथ ही उनका हर वर्ग में सम्मान था। इसमे चौक में भी प्रतिमा लगाने की जगह खोजी गई थी लेकिन हजरतगंज में यह जगह उपयुक्त पाई गई थी। हजरतगंज के दुकानदारों ने ही महापौर संयुक्ता भाटिया से मिलकर लालजी टंडन की प्रतिमा हजरतगंज में लगाने का सुझाव दिया था।
अटल चौक के बगल में लगी प्रतिमाः पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और लालजी टंडन के बीच अच्छे संबंध थे। हजरतगंज चौराहे को नगर निगम ने अटल चौक घोषित किया था तो इस चौक से कुछ कदम पर ही लालजी टंडन की प्रतिमा लग गई है।