जालसाजी कर हथियाई थी क्लर्क की नौकरी, सेवानिवृत्ति के बाद हुआ गिरफ्तार
अंबेडकरनगर में एक क्लर्क पर लगा जालसाजी करके नौकरी हासिल करने का लगा आरोप सेवानिवृत्ति के बाद हुआ गिरफ्तार।
अंबेडकरनगर, जेएनएन। जालसाजी कर लिपिक पद पर नौकरी हथियाने के आरोपित को पुलिस ने सेवानिवृत्त के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले की जांच सीबीसीआइडी लखनऊ कर रही थी।
वर्ष 2012 में हुई थी शिकायत
मामला इब्राहिमपुर थानाक्षेत्र के खूखूतारा गांव का है। गांव निवासी बृजेश कुमार सिंह ने वर्ष 2012 में इब्राहिमपुर थाना में शिकायत पत्र देकर अमरबहादुर सिंह पर आरोप लगाया कि 1979 में टांडा थर्मल पावर कारपोरेशन में जालसाजी कर फर्जी नौकरी हासिल कर ली। एनटीपीसी होने के बाद इन्हें लखनऊ शक्ति भवन स्थानांतरण कर दिया गया था। जांच पड़ताल के बाद 2016 में निलंबित कर दिया गया। इसके बाद इब्राहिमपुर थाने में इनके खिलाफ 18 नवंबर 2016 को जालसाजी के आरोप में मुकदमा पंजीकृत किया गया।
मामले की जांच सीबीसीआइडी लखनऊ को सौंपी गई। मुकदमा दर्ज होने के करीब छह माह बाद अमरबहादुर सेवानिवृत्त हो गए। आरोपित अमरबहादुर सिंह की गिरफ्तारी के लिए सीबीसीआइडी के इंस्पेक्टर रवींद्र सिंह इब्राहिमपुर थाने पहुंचे। इब्राहिमपुर पुलिस की मदद से आरोपित को खूखूतारा गांव से गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया आरोपित अमरबहादुर को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।