नगर सीमा में ही चलेंगी नगर बसें, नहीं जाएंगी माल और बाराबंकी
नगर बसें शहरी सीमा छोड़कर ग्रामीण और दूसरे जिलों तक पहुंचकर सवारियां उठा रही हैं। इससे वाहनों का दबाव तो बढ़ता ही है, साथ ही जाम की स्थिति भी बनती है।
लखनऊ, जेएनएन। अभी तक ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही नगर बसें अब 14 जनवरी से शहरी सीमा से आगे नहीं जा पाएंगी। सोमवार से माल, मोहनलालगंज और बाराबंकी तक जाने वाली नगर बसें बंद कर दी जाएंगी। इस सिलसिले में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नगर बस की ओर से नगर निगम से सीमा की जानकारी मांगी गई है। दरअसल, रोडवेज प्रशासन ने आपत्ति जताते हुए मांग की थी कि नगर बसें शहरी सीमा छोड़कर ग्रामीण और दूसरे जिलों तक पहुंचकर सवारियां उठा रही हैं। इससे वाहनों का दबाव तो बढ़ता ही है, साथ ही जाम की स्थिति भी बनती है। इसे लेकर मंडलायुक्त ने तत्काल सीमा के भीतर ही बस संचालन के निर्देश दिए थे।
अभी इन क्षेत्रों में चल रहीं बसें
अभी तक नगर बसें माल, मोहनलालगंज और बाराबंकी तक जाती थीं। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सतीश पॉल के मुताबिक अब इन्हें सोमवार से रोक दिया जाएगा। वजह है कि बाराबंकी से आने वाली बसें पॉलीटेक्निक से आगे नहीं जा पाती हैं। इसी तरह मोहनलालगंज और सीतापुर बाई पास से भी आगे की बसें उपलब्ध हैं। वाहनों का दबाव कम करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से बसों का संचालन रोका जा रहा है। मोहनलालगंज और माल तक दस-दस और बाराबंकी तक 25 नगर बसों का संचालन किया जाता था।
यहीं से लौट आएंगी बसें
अब नई सीमा के तहत ही शहर से सटे ग्रामीणांचल में सोमवार से नगर बसों का प्रवेश नहीं होगा। माल और आसपास के क्षेत्र तक चलने वाली नगर बसें सीतापुर बाईपास तक ही जा पाएंगी। उसके बाद उन्हें लौटना पड़ेगा। इसी तरह बाराबंकी तक जाने वाली नगर बसें बीबीडी तक पहुंचकर वहीं से लौटेंगी। इसके अलावा मोहनलालगंज तक जाने वाली नगर बसें भी पीजीआइ से ही मुड़कर वापस अपने रूट पर आ जाएंगी।