अब पीजीआइ-केजीएमयू के लिए भी सिटी बस, वाराणसी के लिए वोल्वो सेवा चारबाग से
परिवहन मंत्री के निर्देश पर गोमती नगर से दोनों जगहों के लिए संचालन शुरू।
लखनऊ[जागरण संवाददाता]। लखनऊ सिटी बस ने अपनी सेवाओं में विस्तार देते हुए दो नए नगर बस रूट बना उन पर संचालन शुरू कर दिया है। यह नए रूट गोमतीनगर से पीजीआइ व केजीएमयू होंगे। रविवार यानी 16 अप्रैल को गोमतीनगर के दयाल पैराडाइज चौराहे से इन सेवाओं का शुभारंभ क्षेत्रीय प्रबंधक एके सिंह ने हरी झडी दिखा किया। गोमतीनगर डिपो की रूट नंबर 44 ए की बस मेडिकल कॉलेज व रूट नंबर 33 पी एसजीपीजीआइ जाएगी। यात्रियों को दयाल पैराडाइज से सुबह सात बजे से लेकर रात दस बजे तक यह दोनों सेवाएं मिलेगी। लगाई गई एक जोड़ी बसें दोनों रूटों पर छह-छह फेरा लगाएंगी। गोमतीनगर से चलकर यह बस सेवा दयाल पैराडाइज, सिटी माटेसरी स्कूल, 1090 चौराहा, तेलीबाग, पीजीआइ पहुंचेगी। वहीं एक अन्य सेवा केजीएमयू के लिए शुरू की गई दयाल पैराडाइज, 1090 चौराहा, बालू अड्डा, जागरण चौराहा, सिंकदरबाग, नेशनल कॉलेज, स्वास्थ्य भवन, डालीगंज, ट्रामा सेंटर होते हुए केजीएमयू पहुंचेगी। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक दुबग्गा नियाजुद्दीन के मुताबिक इस दौरान गोमतीनगर जनकल्याण समिति के डॉ. बीएन सिंह, सचिव रूप कुमार शर्मा के अलावा अशोक मल्होत्र समेत कई स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। यह बस सेवा परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह के निर्देश पर शुरू की गई है। वाराणसी के लिए वोल्वो सेवा चारबाग से
लोगों की माग को देखते हुए परिवहन निगम प्रशासन ने लखनऊ से वाराणसी के बीच आज से बस सेवा की शुरुआत कर दी है। चारबाग से रविवार की रात 11 बजे बस सेवा वाराणसी के लिए प्रस्थान करेगी। चारबाग से छूटकर यह वोल्वो बस रायबरेली, प्रतापगढ़ बाईपास, मछली शहर वाया जौनपुर वाराणसी सुबह छह बजे पहुंचेगी। सोमवार को वापसी में वाराणसी से अपराह्न् एक बजे यह बस लखनऊ के लिए प्रस्थान करेगी। इसका प्रति सीट प्रति व्यक्ति किराया 768 रुपया रखा गया है। अन्य सेवाओं की तरह इसकी भी ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा रहेगी। काठगोदाम सेवा आज से
परिवहन निगम प्रशासन 16 अप्रैल से काठगोदाम के लिए बस सेवा शुरू कर रहा है। वातानुकूलित वोल्वो कैटेगरी की लग्जरी बस को इसमें लगाया जाएगा। चारबाग बस स्टेशन से इसकी शुरुआत रात साढ़े दस बजे होगी। कैसरबाग बस स्टेशन होते हुए सीतापुर, शाहजहापुर, वाया बरेली काठगोदाम पहुंचेगी। चारबाग से काठगोदाम का किराया प्रति यात्री प्रति सीट 998 रुपया तय किया गया है। बलिया, बैरिया के लिए भी बस आज से
चारबाग से शाम 7:45 बजे शुरू होकर यह सेवा पॉलीटेक्निक, फैजाबाद, आजमगढ़, मऊ, बलिया होते हुए बैरिया जाएगी। बैरिया तहसील बलिया से तीस किमी. आगे है। दूसरे दिन शाम साढ़े छह बजे बस बैरिया से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेगी। चारबाग से बलिया का किराया 994 रुपया प्रति यात्री प्रति सीट तय किया गया है।