लखनऊ में चौपट चौराहे: अराजकता, अतिक्रमण और अव्यवस्था का प्रतीक- टेढ़ी पुलिया चौराहा
Chuapat Chaurahe in Lucknow: लखनऊ पुलिस से जब व्यवस्था नहीं संभलती तो ट्रैफिक को डायवर्ट करके राहगीरों को उनके हाल पर छोड़ देती है।

कुर्सी रोड स्थित टेढ़ी पुलिया चौराहे पर यातायात बदतर
HighLights
जाम के कारण: चौराहे के हर कोने पर ई रिक्शा, आटो और डग्गामार का कब्जा
लाखों की लागत से बने फुटपाथ पर लग रहे सैकड़ों ठेले, इसरो से लेकर गुडंबा थाने के आगे तक फुटपाथ पर कब्जा
चौराहे पर मांस और मछली की दुकानों के सामने खड़े वाहन, गन्ने का पुरवा व विकासनगर मोड़ की तरफ उल्टा चलते वाहन
सिटी कार्ट के बाहर सड़क पर वाहनों की पार्किंग, ट्रैफिक और स्थानीय पुलिस लाचार
जागरण टीम, लखनऊ : चार साल पहले फ्लाईओवर बनने के बाद उम्मीद थी कि कुर्सी रोड स्थित टेढ़ी पुलिया चौराहे पर यातायात बेहतर हो जाएगा, लेकिन तस्वीर एकदम उलट है, यहां से निकलना ही टेढ़ी खीर है।
चौराहे को देखकर यही लगता है कि मर्ज बढ़ता गया ज्यों-ज्यों दवा की। दो-दो पुलिस बूथ और ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात होने के बावजूद हर तरफ अराजकता, अव्यवस्था और अतिक्रमण है। लखनऊ पुलिस से जब व्यवस्था नहीं संभलती तो ट्रैफिक को डायवर्ट करके राहगीरों को उनके हाल पर छोड़ देती है।
यही प्रयोग यहां भी किया गया और ट्रैफिक को डायवर्ट करके पीठ थपथपा ली गई। इससे हालत और बिगड़ गई। सड्कों तक पसरी दुकानें, फुटपाथ पर लगे ठेले और संवेदनशील इसरो केंद्र के बाहर सब्जी मंडी....यह हालत उस गुडंबा थाने की है, जिसे देश के सर्वश्रेष्ठ तीन थानों मे जगह मिली थी।
चौराहे से मुंशी पुलिया की तरफ जाना हो तो मीट मंडी के आगे बेतरतीब खड़े वाहन तथा उल्टी दिशा से आवागमन रास्ता रोकता है। अलीगंज की तरफ जाना है तो आधी सड़क तक ई-रिक्शा का कब्जा, मड़ियांव की तरफ जाना हो तो मस्जिद के सामने नानवेज की दुकानों का अतिक्रमण ओर पार्किंग, यही हाल चारों रास्तों का है।

त्योहारी सीजन में बिगड़ेंगे हालात
पूरी कुर्सी रोड पर यादव लोहा भंडार से टेढ़ी पुलिया तक डिवाइडर बनाया जा रहा है। यहां पहले से ही साइकिल ट्रैक बन जाने से सड़क की चौड़ाई कम हो गई थी। ट्रैक तो पहले ही कब्जों में गुम हो चुका है, उसे सड़क में मिलाए बिना डिवाइडर बनाने से आने वाले समय में किनारे लगने वाली दुकानें राहगीरों की राह दूभर करेंगी, क्योंकि यहां पूरी कुर्सी रोड पर दुकानदारों और ठेले खोमचे वालों का अतिक्रमण साइकिल ट्रैक पार करके सड़क पर पहुंच चुका है।
कैसे होगा निवारण
- ओवरब्रिज के नीचे पार्किंग-स्टैंड बनाने का विकल्प है, इससे चौराहों पर राह सुगम होगी।
- ओवरब्रिज के नीचे अगर लगने वाले ठेले खोमचों की जगह पार्किंग अथवा ई रिक्शा स्टैंड बना दिया जाए तो चौराहा जाम मुक्त हो सकता है।
- वेंडिंग जोन न होने से हर तरफ ठेले-खोमचे की भरमार है, अगर इन्हें नियोजित किया जाए तो राहत मिल सकती है।
