सीएम योगी आदित्यनाथ पांच जुलाई को चित्रकूट से करेंगे पौधारोपण अभियान की शुरुआत, कहा- सुनिश्चित करें सुरक्षा एवं सिंंचाई व्यवस्था
यूपी में पर्यावरण को सुधारने के लिए योगी सरकार पांच जुलाई को 25 करोड़ पौधे रोपे जाने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री चित्रकूट से पौधारोपण अभियान का शुभारंभ करेंगे। राज्यपाल लखनऊ में और उप मुख्यमंत्री प्रयागराज व अयोध्या में पौधे रोपेंगे।
लखनऊ, राज्य ब्यूरो। योगी आदित्यनाथ सरकार प्रदेश के अपने दूसरे कार्यकाल में पर्यावरण संरक्षण पर काफी जोर दे रही है। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने कहा कि प्रदेश सरकार के 100 दिन पूरा होने के अवसर पर पर्यावरण बचाने के लिए वन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 35 करोड़ पौधारोपण अभियान के तहत पांच जुलाई को 25 करोड़ पौधे रोपे जाएंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस अभियान की शुरुआत चित्रकूट में पौधारोपण से करेंगे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल लखनऊ में पौधा लगाएंगी। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज व ब्रजेश पाठक अयोध्या में पौधारोपण करेंगे। मुख्य सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पौधारोपण अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि मुझे विश्वास है कि पांच जुलाई को हर व्यक्ति पौधा लगाएगा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश हैं कि रोपित पौधों की सुरक्षा एवं सिंचाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। समस्त पौधारोपण स्थल की जियोटैगिंग की जाए। मुख्य सचिव ने कहा कि सभी नोडल अधिकारियों की देखरेख में कार्यक्रम की तैयारी की जाए। शक्ति वन निर्माण में महिलाओं का अधिक से अधिक सहयोग लिया जाए।
प्राचीन काल से ही आदि शक्ति की उपासना में नीम के पेड़ का बड़ा महत्व है, नीम के के पेड़ के इर्द-गिर्द लाल और पीले फूल के पेड़ लगाए जाएं। रामायणकालीन से जुड़े स्थलों में राम वन, महाभारतकालीन स्थलों पर राधा वन, कृष्ण वन विकसित किए जाएं। इसी प्रकार काशी में महादेव, विश्वनाथ वन, महोबा में शारदा के परम उपासक आल्हा ऊदल की स्मृति में उनके नाम से वन विकसित किए जाएं।
नगर वन, बाल और युवा वन निर्माण में बड़े पैमाने पर बच्चों और युवाओं का सहयोग लिया जाए जिससे उनमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति रुझान बढ़े। बड़ी संख्या में अमृत सरोवरों, नदियों, नहरों, सड़कों, रेलवे लाइन के किनारे पेड़ लगने हैं। औद्योगिक क्षेत्रों में मियावाकी पद्धति से वन विकसित किए जाने हैं इसके लिए अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित किया जाए।
75 जिलों में 75 विशेष सचिव बने नोडल अधिकारी: मुख्य सचिव ने पांच जुलाई को वन महोत्सव के लिए 75 जिलों में 75 विशेष सचिवों को नोडल अधिकारी बना दिया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से चुनाव होते हैं ठीक उसी प्रकार से 75 जिलों में 75 नोडल अधिकारी पौधारोपण अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराएंगे। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी रविवार तीन जुलाई को जिलों में पहुंच कर तैयारियों की समीक्षा कर लें। पिछले वर्ष अभियान में जो भी कमियां रह गईं थीं उन्हें दूर कर लिया जाए। स्थलों का चयन इस प्रकार से किया जाए ताकि पौधे जीवित रहने की संभावना सर्वाधिक हो।
वन मुख्यालय में बनेगा वार रूम: वन मुख्यालय में पौधारोपण अभियान की निगरानी के लिए एक वार रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों से अपने खेतों में पौधारोपण करने का आह्वान किया। इसके अलावा सरकारी, गैर सरकारी संस्थानों, सड़कों, राजमार्गों के किनारे भी बड़े पैमाने पर छायादार और फलदार पौधे लगाए जाएं।