सुरक्षित होगा अब महिलाओं का सफर, मुख्यमंत्री आज देंगे पिंक बसों का तोहफा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार शाम छह बजे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से पिंक बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। चार स्लीपर कोच और 10 एसी जनरथ बसों को भी सीएम रवाना करेंगे।
लखनऊ, जेएनएन। परिवहन निगम प्रशासन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से दो दिन पूर्व महिलाओं को पिंक बसों का तोहफा देने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार शाम छह बजे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से पिंक बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। चार स्लीपर कोच और 10 एसी जनरथ बसों को भी सीएम रवाना करेंगे। परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, निगम अध्यक्ष, प्रमुख सचिव परिवहन, प्रबंध निदेशक इस समारोह में शिरकत करेंगे।
निर्भया मद से आ रही इन पिंक बसों में महिलाओं का सफर सुरक्षित होगा। इन सेवाओं में महिलाओं की सीट के ऊपर पैनिक बटन लगाए गए हैं। जरूरत पड़ने पर महिलाएं इसका उपयोग कर सकती हैं। पैनिक बटन डायल 100 से सीधे जुड़ा हुआ है। पिंक बसें जीपीएस प्रणाली से जुड़ी होंगी, जिससे वाहन की ट्रैकिंग आसान होगी। यही नहीं, सीएम 40 इंटरसेप्टर की भी शुरुआत करेंगे। इन्हें भी नवीनतम तकनीकी से लैस किया जाएगा। इन्हें प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। ऑनलाइन सीट भी रिजर्व कराए जाने की भी सुविधा होगी। मुख्य प्रधान प्रबंधक संचालन राजेश वर्मा ने बताया कि महिलाओं के लिए परिवहन निगम पहली बार नवीनतम तकनीकी से जुड़ी पिंक बसों को शुरू करने जा रहा है। साथ ही लग्जरी स्लीपर कोच भी चलाई जाएंगी।
इन सेवाओं की होगी शुरुआत
- 25 एसी पिंक बसें
- 40 इंटरसेप्टर
- 4 एसी स्लीपर बसें
- 10 एसी जनरथ बसें
- 79 कुल वाहन
- परिवहन विभाग की योजनाएं
वाहनों का ऑनलाइन फिटनेस
- प्रमाणपत्र जारी करने की योजना
- वीआइपी नंबरों की ऑनलाइन नीलामी
- प्रदूषण प्रमाणपत्रों का ऑनलाइन सत्यापन।
- बहुप्रतीक्षित पिंक बस सेवा और लग्जरी स्लीपर कोच की शुरुआत
- इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से शाम छह बजे ये सेवाएं की जाएंगी रवाना।