मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- रामनगरी अयोध्या का सर्वांगीण विकास हमारी प्राथमिकता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या के पुरातन ऐतिहासिक धार्मिक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए केंद्र व राज्य सरकार इसके प्राचीन गौरव के अनुरूप प्रतिष्ठित करने का काम कर रही हैं। राम नगरी को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ-साथ सभी आधुनिक सुविधाएं विकसित करना है।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के चलते काफी समय से कोविड प्रबंधन में ही जुटे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब विकास परियोजनाओं की सिलसिलेवार ढंग से समीक्षा कर रहे हैं। बुधवार को अयोध्या के चहुंमुखी विकास के लिए बनाए जा रहे विजन डाक्यूमेंट का प्रस्तुतीकरण उन्होंने देखा। सभी काम तेज गति से करने के निर्देश के साथ ही उन्होंने कहा कि अयोध्या का सर्वांगीण विकास हमारी प्राथमिकता है।
सरकारी आवास पर प्रस्तुतीकरण देखने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या के पुरातन, ऐतिहासिक, धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए केंद्र व राज्य सरकार इसके प्राचीन गौरव के अनुरूप प्रतिष्ठित करने का काम कर रही हैं। राम नगरी को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ-साथ सभी आधुनिक सुविधाएं विकसित करना है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यहां सभी आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि परियोजनाओं के लिए आवश्यकतानुसार जमीन की व्यवस्था सर्वसहमति से की जाए। संबंधित विभाग अन्तर्विभागीय समन्वय बनाकर काम को पूरा करें। योगी ने कहा कि अयोध्या को वैदिक नगरी के रूप में विकसित किया जाना है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग अपने दायित्वों का निर्वाह भली-भांति करें। हवाई अड्डे के विकास और निर्माण के लिए भूमि व्यवस्था के काम में तेजी लाई जाए। विभिन्न रास्तों पर बनाए जाने वाले द्वारों में एकरूपता होनी चाहिए।
अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विशाल सिंह ने लक्ष्य, रणनीति और परियोजनाओं के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अयोध्या आस्था क्षेत्र को सनातन परंपरा के अनुसार आध्यात्मिक केंद्र और सर्वसमावेशी वैश्विक पर्यटन स्थली के रूप में विकसित किया जाएगा। पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नीलकंठ तिवारी, अयोध्या के मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल और जिलाधिकारी अनुज कुमार झा वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। बैठक में मुख्य सचिव आरके तिवारी, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव वित्त एस. राधा चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।