दुष्कर्म/हत्याकांड: छह दिन में मुंह बोले मामा के खिलाफ चार्जशीट तैयार Lucknow News
15 सितंबर को मुंह बोले मामा ने छह वर्षीय से किया था दुष्कर्म। सोमवार को अदालत में चार्जशीट पेश करेंगे विवेचक।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी में शर्मसार करने वाले छह वर्षीय मासूम को अगवा कर दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपित मुंह बोले मामा के खिलाफ चार्जशीट लगा दी है। यह कार्रवाई घटना के छह दिन बाद की गई।
ये है पूरा मामला
एएसपी पश्चिम विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मामले के विवेचक इंस्पेक्टर सआदतगंज महेश पाल सिंह सोमवार को चार्जशीट को न्यायालय में दाखिल करेंगे। बबलू को पुलिस ने घटना के बाद ही गिरफ्तार कर लिया था। 15 सितंबर की शाम करीब चार बजे मासूम घर के बाहर खेल रही थी। तभी बबलू उर्फ यासिरा ने उससे पानी मंगाया। बच्ची पानी लेकर आरोपित को देने पहुंच गई। बबलू उसे अपने घर के भीतर ले गया और दुष्कर्म किया। कृत्य छिपाने के लिए उसका गला रेत डाला।
इधर, काफी देर तक जब बच्ची वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। छानबीन में पता चला कि मासूम आखिरी बार बबलू के साथ देखी गई थी। पुलिस बबलू के घर पहुंची तो वहां ताला बंद था। हालांकि,बबलू पकड़ में आ गया। पुलिस ने उसके कमरे का दरवाजा तोड़ा तो अंदर मासूम बेड के नीचे लहूलुहान पड़ी मिली, उसके गले पर चोट के गहरे निशान थे।