धूप निकली तो खिले चेहरे, रात में बूंदाबांदी ने फिर बढ़ाई ठंड Lucknow news
गुरुवार को बीस दिन बाद सामान्य से अधिक हुआ तापमान।
लखनऊ, जेएनएन। गुरुवार को लोगों ने गुनगुनी धूप का मजा लिया। सुबह से निकली चटक धूप के कारण लगभग बीस दिनों के बाद अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री अधिक 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि शाम होते-होते मौसम ने फिर करवट ली। रात में बूंंदाबांंदी ने फिर से ठंड बढ़ा दी। शुक्रवार को मौसम एक बार फिर पलटने की उम्मीद है। पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को बादलों की आवाजाही के साथ कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। हालांकि शनिवार से मौसम मुख्यत: साफ हो जाएगा।
गुरुवार को प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हुई। कुछ जगह ओले भी पड़े। दरअसल पश्चिमी विक्षोभ के साथ कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है जिसके चलते मौसम का मिजाज बिगड़ा है। हालांकि पूर्वी हवाओं ने मैदानी इलाकों में गलन से राहत दी है। एक-दो दिन बाद कोहरा पडऩे की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 20 व न्यूनतम तापमान आठ डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है।
बदली छंटी, कम हुआ एक्यूआइ
मौसम साफ हुआ और बदली छंटी तो प्रदूषण से भी कुछ राहत मिली। एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 325 रिकार्ड हुआ जो बुधवार की अपेक्षा 71 यूनिट कम रहा। बुधवार को एक्यूआइ 396 के स्तर में पहुंच गया था।