विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सपा विधायक डॉ पल्लवी पटेल के खिलाफ लखनऊ में ट्रेन रोकने का मुकदमा दर्ज, RPF चारबाग ने लिया एक्शन

By Nishant Yadav Edited By: Dharmendra Pandey
Published: Sat, 09 May 2026 07:57 PM (IST)

FIR Against Samajwadi Party MLA:  आरपीएफ ने रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

अपना दल कमेरावादी पार्टी की नेता डॉ पल्लवी पटेल(दाएं)

अपना दल कमेरावादी पार्टी की नेता डॉ पल्लवी पटेल(दाएं)

HighLights

  1. विधायक ने लखनऊ में समर्थकों के साथ यूजीसी रेगुलेशन लागू करने की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

  2. इंजन पर चढ़कर विधायक ने एक घंटा प्रभावित किया ट्रेन का संचालन

  3. यूजीसी के समर्थन में विधानभवन की ओर जाते रोके गए कार्यकर्ता

जागरण संवाददाता, लखनऊ। कौशांबी जिले के सिराथू से समाजवादी पार्टी की विधायक अपना दल कमेरावादी पार्टी की नेता डॉ पल्लवी पटेल के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मुकदमा दर्ज कराया है।

आरपीएफ ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने सहित कई मामलों में रेलवे एक्ट के तहत पार्टी की अध्यक्ष व विधायक पल्लवी पटेल सहित कई अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

अपना दल कमेरावादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को लखनऊ रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ता प्लेटफार्म नंबर एक व दो के बीच लूप लाइन पर खड़े ओएचई टावर वैगन को रोक लिया।

यूजीसी लागू करने की मांग को लेकर पार्टी कार्यकर्ता सुबह नौ बजे से ही विभिन्न ट्रेनों से लखनऊ पहुंचने लगे थे। लखनऊ स्टेशन के सामने हाथ में पार्टी का झंडा लेकर जैसे ही कार्यकर्ता विधानभवन की ओर बढ़े, उनको पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया।

रोके जाने से कार्यकर्ता उग्र हो गए और बैरिकेटिंग फांदकर जाने का प्रयास करने लगे। इसी कारण रवींद्रालय के सामने लंबा जाम लग गया। कार्यकर्ताओं को रोके जाने की सूचना मिलने पर नाराज सपा विधायक डॉ पल्लवी पटेल चारबाग पहुंच गईं।

उन्होंने पहले तो स्टेशन के बाहर धरना दिया और दोपहर करीब 1:16 बजे कार्यकर्ताओं को लेकर रेलवे न्यायालय के सामने से होते हुए प्लेटफार्म एक व दो के बीच रेल लाइन पर पहुंच गईं। यहां पहले से खड़े टावर वैगन पर चढ़कर पल्लवी पटेल और उनके कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

आरपीएफ जवानों ने पल्लवी पटेल और उनके कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। इसपर भी जब वह नहीं मानें तो उनको पटरियों से हटाकर स्टेशन परिसर के बाहर पहुंचाया गया। सरकारी काम में बाधा डालने पर पल्लवी पटेल और उनके कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए बहुत देर तक आरपीएफ व जीआरपी के बीच मामला सीमा विवाद में फंसा रहा। देर शाम आरपीएफ ने रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

अपना दल कमेरावादी पार्टी की विधायक पल्लवी पटेल ने शनिवार को लखनऊ में हजारों समर्थकों के साथ यूजीसी रेगुलेशन लागू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कौशांबी के सिराथू विधायक डॉ पल्लवी पटेल ने रेलवे ट्रैक पर उतरकर हजारों समर्थकों के साथ चक्का जाम किया। इस दौरान विधायक डॉ पल्लवी पटेल ने कहा कि हम यूजीसी रेगुलेशन 2026 लागू कराने के लिए अंतिम दम तक लड़ेंगे। पल्लवी यूजीसी के नए प्रावधानों को लागू करने की मांग कर रही हैं, जिन पर फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा रखी है।