छावनी में गोमती किनारा भी बनेगा रिवर फ्रंट की तरह खूबसूरत
छावनी परिषद ने शासन को लिखा था पत्र। सिंचाई विभाग बनाएगा डीपीआर बनाकर भेजा।
लखनऊ (जागरण संवाददाता)। छावनी से गुजर रही गोमती नदी का भी सुंदरीकरण किया जाएगा। गोमती रिवर फ्रंट का दायरा छावनी से गुजरने वाली नदी के हिस्से तक होगा। सिंचाई विभाग के तीन अभियंताओं को डीपीआर बनाने का काम सौंपा गया है, जबकि पर्यटन विभाग में इसमें शामिल होगा।
इंजीनियरों ने पिपराघाट में गोमती नदी तट का निरीक्षण भी कर लिया है। पिपराघाट से मिलिट्री फार्म तक गोमती नदी छावनी की सीमा से गुजरती है। गोमती रिवर फ्रंट को ला मार्टीनियर कॉलेज के सामने रेलवे पुल तक बनाया गया है। जबकि पिपराघाट से मिलिट्री फार्म तक गोमतीनगर के सुंदरीकरण की मांग छावनी परिषद की बोर्ड बैठक में चार माह पहले रखी गई थी। परिषद उपाध्यक्ष प्रमोद शर्मा, सदस्य रूपा देवी, रीना सिंघानियां और जगदीश प्रसाद के प्रस्ताव को छावनी परिषद ने शासन को भेजा था। शासन में रिवर फ्रंट को लेकर अपना पक्ष रखने के लिए एक कमेटी का गठन भी किया गया। शासन ने छावनी के पिपराघाट से गोमती रिवर फ्रंट के निर्माण के लिए डीपीआर बनाने का आदेश दिया है।
सिंचाई विभाग को रिवर फ्रंट का किनारा विकसित करने के लिए डीपीआर बनाने को कहा गया है। जबकि पर्यटन विभाग रिवर फ्रंट पर कई गतिविधियां विकसित करेगा। छावनी परिषद उपाध्यक्ष प्रमोद शर्मा ने बताया कि सिंचाई विभाग के तीन अभियंताओं ने पिपराघाट का निरीक्षण किया है। वह इसके लिए रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। जबकि पर्यटन विभाग ने भी संपर्क किया है। जल्द ही दोनों विभागों के साथ छावनी परिषद प्रशासन की बैठक होगी।