UP News: मेडिकल पीजी काउंसलिंग में अभ्यर्थी आज से भर सकेंगे सीटों का विकल्प, अब सीटें बढ़कर 2,937 हुईं
Medical Education UP यूपी नीट पीजी 2022 काउंसलिंग में अभ्यर्थी आज से सीटों का विकल्प भर सकते हैं। बता दें कि सीटें बढ़ने से काउंसलिंग कार्यक्रम भी बदलाव हुआ है। पहले पीजी कोर्सेज 2800 सीटें थीं अब इनकी संख्या बढ़ाकर 2937 कर दी गई है।
लखनऊ, राज्य ब्यूरो। Medical Education UP उत्तर प्रदेश में सरकारी व निजी मेडिकल कालेजों में स्नातकोत्तर (पीजी) कोर्सेज में दाखिले के लिए चल रही काउंसलिंग के कार्यक्रम में फेरबदल किया गया है। यूपी नीट पीजी 2022 में प्रतिभाग कर रहे अभ्यर्थी अब शनिवार से अपनी मनपसंद सीटों का विकल्प भर सकेंगे।
पांच अक्टूबर तक भर सकेंगे मनपसंद सीटों का विकल्प
- विकल्प भरने की प्रक्रिया दो दिन आगे बढ़ाने से काउंसलिंग के आगे के कार्यक्रम में बदलाव हुआ है।
- पहले आठ अक्टूबर को काउंसलिंग खत्म हो रही थी, अब यह 12 अक्टूबर 2022 को खत्म होगी।
- प्रदेश में पहले एमडी, एमएस व डीएनबी कोर्सेज में 2,800 सीटें थीं और अब चरणबद्ध ढंग से बढ़कर सीटों की संख्या 2,937 हो गई है।
- नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) से सीट बढ़ाने की हरी झंडी के बाद काउंसलिंग के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
- अब अभ्यर्थी एक अक्टूबर से पांच अक्टूबर 2022 तक अपनी मनपसंद सीटों का विकल्प भर सकेंगे।
- भरे गए विकल्प और मेरिट के आधार पर अब छह अक्टूबर 2022 को परिणाम घोषित किया जाएगा।
12 अक्टूबर तक जारी होंगे आनलाइन सीट आवंटन पत्र
पहले चार अक्टूबर को यह परिणाम जारी होना था। वहीं अभ्यर्थियों को अब आनलाइन सीट आवंटन पत्र सात से 12 अक्टूबर 2022 तक जारी किए जाएंगे। पहले आवंटन पत्र जारी करने की अंतिम तारीख आठ अक्टूबर थी। ऐसे में काउंसलिंग की प्रक्रिया चार दिन आगे बढ़ गई है। अभ्यर्थी काउंसलिंग से संबंधित जानकारी वेबसाइट https://upneet.gov.in के माध्यम से हासिल कर सकते हैं।