विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में आगरा एक्सप्रेस वे पर स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकराई, चालक और यात्री घायल

Published: Fri, 25 Sep 2026 02:29 PM (IST)

Agra-Lucknow ExpressWay: आगरा एक्सप्रेस वे पर रेवरी टोल प्लाजा से आगरा की ओर करीब पांच सौ मीटर आगे बस एक ट्रक से टकरा गई।

HighLights

  1. पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को क्रेन से हटवा कर जाम खुलवाकर यातायात सामान्य कराया

  2. बस में अन्य सभी 20 यात्री पूरी तरह से सुरक्षित

संवाद सूत्र, लखनऊ: काकोरी क्षेत्र में शुक्रवार को लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर स्लीपर बस की आगे चल रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बस चालक और एक यात्री घायल हो गया।

ट्रक की टक्कर के कारण बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और बीच सड़क पर हादसे से जाम लग गया। काकोरी पुलिस ने मौके पर पहुंचने के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त बस को क्रेन से हटवा कर जाम खुलवाकर यातायात सामान्य कराया।

इंस्पेक्टर संतीश राठौर के मुताबिक शुक्रवार सुबह छह बजे स्लीपर बस संख्या (बीआर 28 पी 3870) दिल्ली के करोल बाग से सिद्धार्थनगर बांसी की ओर जा रही थी। आगरा एक्सप्रेस वे पर रेवरी टोल प्लाजा से आगरा की ओर करीब पांच सौ मीटर आगे बस एक ट्रक से टकरा गई।

बीच सड़क हुए इस हादसे में डबल डेकर बस चालक सिद्धार्थनगर अशोबा निवासी बस चालक करण यादव और एक महिला यात्री रजनी घायल हो गए। सूचना पर काकोरी पुलिस पहुंची। पुलिस ने दोनों घायल को एंबुलेंस से केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

काकोरी पुलिस ने क्रेन की सहायता से बीच सड़क से क्षतिग्रस्त स्लीपर बस को किनारे करवाया। उसके बाद आगरा एक्सप्रेस वे पर यातायात सामान्य हो सका। करीब एक घंटे यातायात प्रभावित रहा। काकोरी पुलिस के मुताबिक बस में अन्य सभी 20 यात्री पूरी तरह से सुरक्षित हैं और उनको दूसरे वाहनों से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।