विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतापुर में 21 वर्ष से ठगी कर रहे 'बंटी-बबली' गिरफ्तार, बैंक मैनेजर और आयकर अफसर बनकर करते थे फ्रॉड

Published: Thu, 01 Oct 2026 05:26 PM (GMT+05:30)

Sitapur Crime: कन्नौज के रोहित बाजपेयी और उसकी पत्नी अन्नू बाजपेयी उर्फ चंद्रा ने मई में सीतापुर में रेकी की थी।

कन्नौज के रोहित बाजपेयी और उसकी पत्नी अन्नू बाजपेयी उर्फ चंद्रा

कन्नौज के रोहित बाजपेयी और उसकी पत्नी अन्नू बाजपेयी उर्फ चंद्रा

HighLights

  1. सोने के बिस्किट दिलाने के नाम पर जालसाजी, गरीबों पर अफसर बनकर गांठते थे रौब

  2. दोनों ने अपने मकान मालिक समेत तीन लोगों से 27 लाख रुपये ठगे

डिजिटल डेस्क, सीतापुर : राजधानी लखनऊ से सटे जिले में 21 वर्ष से ठगी कर रहे बंटी-बबली को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया।

रोहित बाजपेयी और उसकी पत्नी अन्नू बाजपेयी उर्फ चंद्रा ने स्थानीय निवासियों के साथ ही मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान और बिहार में भी धोखाधड़ी की है। इन दोनों के खिलाफ दस केस लिखे गए हैं। कोतवाली नगर पुलिस की SOG टीम ने इनको गिरफ्तार किया। एसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपया पुरस्कार में देने की घोषणा की।

रोहित बाजपेयी इत्र नगरी कन्नौज कि निवासी है और उसकी पत्नी अन्नू बाजपेयी उर्फ चंद्रा नेपाल की निवासी है। इनके पास से 14 लाख रुपया कैश और 38.740 ग्राम सोना मिला है। नकली अधिकारी बनकर धोखाधड़ी करते थे और सीतापुर में दोनों ने बैंक अधिकारी बनकर ठगी की थी। यहां पर सोने के बिस्किट दिलाने के नाम पर जालसाजी की। लोगों को बैंक से नीलामी में बिस्किट दिलाने के नाम पर ठगा। इन दोनों ने अपने मकान मालिक समेत तीन लोगों से 27 लाख रुपये ठगे।

कन्नौज के रोहित बाजपेयी और उसकी पत्नी अन्नू बाजपेयी उर्फ चंद्रा ने मई में सीतापुर में रेकी की थी। 31 अगस्त को दोनों प्रेमनगर में रामनरेश जायसवाल के मकान में किराये पर रहने लगे। रोहित ने खुद को पीएनबी मिश्रिख का शाखा प्रबंधक और अन्नू ने आयकर निरीक्षक बताया। दोनों ने फर्जी पहचान पत्र भी दिखाए।

इसके बाद विश्वास में लेकर आरोपितों ने रामनरेश से नीलामी के सोने के लिए 20 लाख और नोट बदलने के नाम पर दो लाख लिए। इसके साथ प्रेमलता बाजपेयी से एक लाख और लांड्री संचालक अतुल से चार लाख ठगे। 14 सितंबर को दोनों कार लेकर भाग गए। आगरा, कोटा, बैतूल और चेन्नई में वाहन बदलकर छिपते रहे। ठगी की रकम से करीब छह लाख रुपये के आभूषण और 50 हजार रुपये के दो मोबाइल खरीदे।

21 वर्ष से कर रहे ठगी

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि आरोपितों ने वर्ष 2005 से ठगी करने की बात स्वीकार की है। वह सीतापुर में सर्वाधिक समय तक रहे। इसके अलावा अलग-अलग राज्यों में घूमकर घटनाएं करते थे।