बसपा अध्यक्ष मायावती ने प्रतिद्वंद्वी दलों पर साधा निशाना, कहा- कांग्रेस के गलत कारनामों से सत्ता में आई भाजपा
प्रतिद्वंद्वी दलों पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि कांग्रेस के गलत कारनामों की वजह से ही प्रदेश और देश की सत्ता में भाजपा आई। अब भाजपा राजधर्म निभाने की बजाए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संकीर्ण एजेंडे को लोगों पर थोपने में लगी है।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की जमीनी तैयारी परख रहीं बसपा प्रमुख मायावती ने बुधवार को दस मंडलों के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक की। माल एवेन्यू स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने बूथ स्तर पर तैयारियों को परखा और हर बूथ को मजबूत करने का निर्देश दिया। कहा कि आत्मसम्मान वाले बसपा के मूवमेंट के प्रति ईमानदारी और निष्ठा के साथ जुटें। डा. भीमराव आंबेडकर और कांशीराम के मिशन को लोकतांत्रिक संघर्षों से मजबूत करने की जरूरत है।
प्रतिद्वंद्वी दलों पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि कांग्रेस के गलत कारनामों की वजह से ही प्रदेश और देश की सत्ता में भाजपा आई। अब भाजपा राजधर्म निभाने की बजाए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संकीर्ण एजेंडे को लोगों पर थोपने में लगी है। भाजपा की गलत नीतियों की वजह से देश में गरीबी, महंगाई, तनाव और हिंसा व्याप्त है। प्रदेश की जनता त्रस्त है और इस सरकार से मुक्ति पाने को बेचैन है।
बसपा अध्यक्ष मायावती ने कहा कि कोरोना संक्रमण के बाद डेंगू आदि के बुखार से बच्चों की मौत दुखद है। सरकार को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। सूत्रों के मुताबिक पार्टी की जमीनी तैयारियां परखने के साथ ही बसपा सुप्रीमो विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन में भी जुटी हैं। जल्द ही प्रत्याशियों को विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी के तौर पर जिलों में पार्टी के पदाधिकारियों द्वारा घोषित करने का सिलसिला शुरू होगा।