बसपा नेता आरएस कुशवाहा ने भी की अखिलेश यादव से मुलाकात, सपा के फोटो ट्वीट करते ही शुरू हुई अटकलें
बहुजन समाज पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आरएस कुशवाहा ने सोमवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले हुई इस मुलाकात को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आरएस कुशवाहा ने सोमवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले हुई इस मुलाकात को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। सपा ने अखिलेश यादव व आरएस कुशवाहा की मुलाकात की फोटो भी ट्वीट की है। इसमें सपा ने लिखा है कि 'बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आरएस कुशवाहा ने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से शिष्टाचार मुलाकात की।'
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले आरएस कुशवाहा वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान जब सपा और बसपा के बीच गठबंधन हुआ था तब बसपा के प्रदेश अध्यक्ष थे। पूर्व विधायक और विधान परिषद सदस्य रह चुके कुशवाहा ने वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में रायबरेली से सोनिया गांधी के खिलाफ भी चुनाव लड़ा था। यह मुलाकात इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि कुछ समय पहले बसपा से निष्कासित किए जा चुके वरिष्ठ नेता लालजी वर्मा एवं राम अचल राजभर भी पिछले हफ्ते अखिलेश यादव से मुलाकात कर चुके हैं। उस बैठक को भी एक शिष्टाचार भेंट बताया गया था।
बहुजन समाज पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री आर.एस. कुशवाहा जी ने माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी से की शिष्टाचार भेंट। pic.twitter.com/9rQC8vIYy2— Samajwadi Party (@samajwadiparty) September 27, 2021
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद यह कयास लगने शुरू हो गए कि राम अचल राजभर व लालजी वर्मा जल्द समाजवादी पार्टी में शामिल हो जाएंगे। सोमवार को अब तीसरे प्रमुख नेता आरएस कुशवाहा की अखिलेश से मुलाकात के बाद फिर अटकलों का दौर शुरू हो गया।