यूपी 2027 चुनाव के लिए भाजपा का 'माईक्रोमैनेजमेंट', हर बूथ पर तैनात होंगे 50 से 60 नए वालंटियर
भाजपा 2027 विधानसभा चुनाव के लिए नई रणनीति अपना रही है, जिसके तहत पार्टी के पांच मोर्चे हर बूथ पर 10-10 वालंटियर नियुक्त करेंगे।

यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी।
HighLights
प्रत्येक बूथ पर भाजपा के पांच मोर्चे 10 वालंटियर नियुक्त करेंगे।
वालंटियरों का चयन बूथ की जातीय संरचना के आधार पर होगा।
2027 विधानसभा चुनाव के लिए माइक्रोमैनेजमेंट पर जोर दिया जा रहा है।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा रणनीतिक चाल बदलते हुए नया प्रयोग करने जा रही है। पार्टी के पांच मोर्चे (युवा, किसान, ओबीसी, महिला एवं एससी-एसटी) हर बूथ पर 10-10 वालंटियर नियुक्त करेंगे।
बूथों पर जिन जातियों की संख्या ज्यादा होगी, उसी जाति के वालंटियर रखे जाएंगे। महिला मोर्चा भी बूथों पर 10-10 कार्यकर्ताओं को तैनात करेगी। बाद में विशेष समिति की निगरानी में मोर्चों की ओर से सम्मेलन कराया जाएगा, जिसमें प्रदेश एवं केंद्रीय टीम के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
भाजपा के 98 संगठनात्मक जिलों के 1918 मंडलों में 1.77 लाख बूथ माने जाते हैं। 2027 विधान सभा चुनाव को देखते हुए भाजपा माइक्रोमैनेजमेंट पर जोर दे रही है। पिछले दिनों एक साथ सभी बूथों पर बैठकें हुईं। बूथ समितियों का दो स्तरों पर सत्यापन किया गया।
पार्टी की रचना के अनुसार एक बूथ में अध्यक्ष समेत 11 से 20 सदस्यों की टीम होती है। इस बार बूथ अध्यक्षों से अपने यहां का जातीय गणित भी मांगा गया है। भाजपा की प्रदेश इकाई ने सभी मोर्चों को हर बूथ पर उस क्षेत्र में प्रभाव रखने वाली जातियों के वालंटियर बनाने के लिए कहा है।
हर बूथ पर 50-60 वालंटियर बनाये जाएंगे, जो पार्टी की नीतियों को अपने वर्ग के बीच पहुंचाएंगे। चुनाव से पहले ये वालंटियर अपने क्षेत्रों की सर्वे रिपोर्ट पार्टी को उपलब्ध कराएंगे। पार्टी बूथों की रिपोर्ट का अध्ययन कर विधानसभा क्षेत्र में नए उम्मीदवारों को अवसर दे सकती है।
पार्टी का विशेष फोकस ओबीसी एवं अनुसूचित मोर्चा पर होगा, जिसके वोटों की संख्या सबसे ज्यादा है। सवर्णों को अपने पाले में करने के लिए प्रबुद्ध सम्मेलन कराए जाएंगे। पिछले दिनों लखनऊ पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने भी बूथ मैनेजमेंट का पाठ पढ़ाया था।
