विधानसभा सम्मेलनों में चुनौतियों से निपटने की रणनीति बनाएगी भाजपा, प्रदेश अध्यक्ष ने सौंपे लक्ष्य
उत्तर प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा के साथ ही कार्यकर्ताओं को आगामी लक्ष्य सौंपे।
लखनऊ, जेएनएन। कोरोना संकट के बीच ही भाजपा ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विधानसभा सम्मेलनों की शुरुआत शनिवार से कर दी। उत्तर प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा के साथ ही कार्यकर्ताओं को आगामी लक्ष्य सौंपे। उन्होंने स्नातक और जिला पंचायत चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की और कहा कि इन सम्मेलनों के माध्यम से पार्टी सामाजिक-राजनीतिक चुनौतियों में कार्यकर्ताओं की भूमिका निर्धारित करते हुए इनसे निपटने की रणनीति बनाएगी।
विधानसभा सम्मेलनों की शुरुआत उत्तर प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सहारनपुर की नकुड़ विधानसभा सम्मेलन को संबोधित कर की। उन्होंने कहा कि जब दूसरे दल के नेता इस महामारी के दौर में ओछी राजनीति कर रहे हैं, ऐसे समय में भाजपा के कार्यकर्ता सेवा कार्यों में जुटे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समयबद्ध फैसलों के कारण हमारा देश कोरोना महामारी की लड़ाई में बेहतर स्थिति में पहुंचा है।
आज सहारनपुर की नकुड़ विधानसभा के वर्चुअल सम्मेलन से जुड़े भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से संवाद कर कोरोना महामारी के चलते संगठन द्वारा किए गए सेवा कार्यों की जानकारी दी तथा केन्द्र व प्रदेश सरकार की समयबद्ध नीतियों के बारे में विस्तार से बताया। pic.twitter.com/aT7LXPAapQ — Swatantra Dev Singh (@swatantrabjp) July 11, 2020
स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि इस महामारी के दौर में भी आप लोगों की लगनशीलता व परिश्रम के कारण संगठनात्मक कार्यों में रुकावट नहीं आई। वहीं, आगामी दिनों में हमें अब बूथ समिति सत्यापन में जुटना है। 24 से 31 जुलाई के बीच बूथ समितियों का सत्यापन किया जाएगा, जिसके लिए 20 जुलाई से बैठकों की तैयारी करना है। उन्होंने आगामी स्नातक चुनाव और जिला पंचायत चुनाव की योजनाबद्ध तैयारी के लिए कार्यकर्ताओं को मंत्र दिया।
गौरतलब है कि पार्टी विधानसभा सम्मेलनों के माध्यम से बूथ अध्यक्ष-प्रभारी, सेक्टर संयोजक-प्रभारी, मंडल अध्यक्ष-प्रभारी, विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्र व जिला पदाधिकारी सहित विधायक व स्थानीय जनप्रतिनिधियों से डिजिटल प्लेटफार्म पर संवाद करेंगे। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह गोरखपुर ग्रामीण, प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही इटावा सदर, जलशक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह प्रयागराज के करछना, ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा मेरठ शहर सहित अलग-अलग मंत्री और पार्टी पदाधिकारियों ने सम्मेलनों को संबोधित किया।