Move to Jagran APP

भाजपा के सामाजिक सम्मेलन में बोले प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह- पार्टी नहीं, फैमिली ट्रस्ट है कांग्रेस

अलग-अलग जाति-वर्गों का सामाजिक सम्मेलन कर रही भाजपा ने अनुसूचित जाति के प्रतिनिधियों को बताया कि कैसे मोदी-योगी सरकार दलित गरीब शोषित और वंचित समाज के उत्थान के लिए काम कर रही है। वहीं विपक्ष पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने तीखे हमले किए।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Tue, 19 Oct 2021 08:27 PM (IST)Updated: Tue, 19 Oct 2021 10:11 PM (IST)
भाजपा के सामाजिक सम्मेलन में बोले प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह- पार्टी नहीं, फैमिली ट्रस्ट है कांग्रेस
उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने विपक्ष पर तीखे हमले किए।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। अलग-अलग जाति-वर्गों का सामाजिक सम्मेलन कर रही भाजपा ने अनुसूचित जाति के प्रतिनिधियों को बताया कि कैसे मोदी-योगी सरकार दलित, गरीब, शोषित और वंचित समाज के उत्थान के लिए काम कर रही है। वहीं, विपक्ष पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने तीखे हमले किए। कांग्रेस खास तौर पर उनके निशाने पर रही। कहा कि कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल असल में पार्टी नहीं, बल्कि फैमिली ट्रस्ट हैं। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी विपक्ष को आड़े हाथों लिया।

loksabha election banner

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मंगलवार को आयोजित सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन में अधिकतर पासी समाज के प्रतिनिधि बुलाए गए थे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यक्रम में सबसे पहले महाराजा बिजली पासी, महाराजा लाखन पासी और वीरांगना ऊदा देवी के शौर्य को नमन किया। फिर बोले कि विपक्षी दल लोगों का सम्मान करने व उनका कल्याण करने नहीं आए हैं। वे देश-प्रदेश को लूटने के लिए आए हैं, वंशवाद चलाने आए हैं। कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दल फैमिली ट्रस्ट हैं, जहां बड़े पदों पर सिर्फ परिवार के लोग ही बैठते हैं और वहां सामान्य कार्यकर्ता की कोई हैसियत नहीं हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा एकमात्र दल है, जिसमें किसी भी जाति का गरीब, पिछड़ा और वंचित व्यक्ति भी प्रदेश अध्यक्ष हो सकता है, प्रदेश का मुखिया हो सकता है। आजादी के बाद लगातार सत्ता में रही कांग्रेस ने गरीबों की बात तो की, लेकिन गरीबी दूर नहीं की। सपा, बसपा और कांग्रेस को भ्रष्टाचार और वंशवाद का पोषक बताते हुए आरोप लगाया कि इनके लिए सत्ता अपना और अपने परिवार के हितों को पूरा करने का साधन मात्र है। विपक्षी दलों ने हमेशा देश, प्रदेश, गरीब, शोषित और वंचितों का अपमान किया है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मुगलों और अंग्रेजों से लड़ाई में पासी समाज का बहुत बड़ा योगदान रहा है। इस समाज को भाजपा में पूरा सम्मान मिल रहा है, जबकि कांग्रेस, सपा, बसपा अनुसूचित वर्ग के विरोधी हैं। भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जो सारे समाज को साथ लेकर चलती है। उन्होंने कहा कि यह कोई परिवार की पार्टी नहीं है। आप सब भविष्य के नेता हैं। यहां पर सबका सम्मान और आदर होता है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा को पहले कहा जाता था कि यह अगड़ों की पार्टी है, जबकि ऐसा नहीं है। यह सर्वसमाज की पार्टी है। पीएम मोदी ने कोरोना संकटकाल में रोज कमाने खाने वालों के घर राशन से भर दिए और किसी को भूखा नहीं रहने दिया। आज योजनाओं का पूरा का पूरा पैसा गरीबों के खातों में जा रहा है। बिचौलियों और दलालों की दुकानें बंद हो गई हैं। सम्मेलन को केंद्रीय एमएसएमई राज्यमंत्री भानु प्रताप वर्मा, अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य और प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश पासी ने भी संबोधित किया।

समाज को बांटने वाली ताकतों से सावधान : उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि समाज को जाति-धर्म में बांटने वाली ताकतें फिर सक्रिय हो रही हैं। ऐसी ताकतों से सावधान रहने की जरूरत है। भाजपा जाति-धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि इस प्रदेश को बड़ी मुश्किल से जातिवाद, क्षेत्रवाद व संप्रदायवाद से बचाया गया है। पिछली सरकारों के समय में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद थे कि उनकी सवारियां निकलती थीं। पुलिस के अधिकारी भी उनसे डरते थे और पुलिस के थाने सत्ताधारी दल के कार्यालय हो गए थे। वर्तमान सरकार में अपराधियों के हौसले पूरी तरह से पस्त हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.