Move to Jagran APP

राहुल और प्रियंका बताएं क्या थी माफिया मुख्तार अंसारी से डील? पंजाब सरकार के बयान पर भाजपा का तीखा सवाल

UP Latest News पंजाब की पूर्व कांग्रेस सरकार पर रूपनगर जेल में मुख्तार अंसारी को वीआइपी सुविधा दिए जाने का मामला बढ़ गया है। यूपी भाजपा ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से पूछा है कि मुख्‍तार अंसारी को किन चीजों के बदले ये सुविधाएं दी जा रही थीं।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Wed, 29 Jun 2022 11:13 PM (IST)Updated: Thu, 30 Jun 2022 06:00 PM (IST)
राहुल और प्रियंका बताएं क्या थी माफिया मुख्तार अंसारी से डील? पंजाब सरकार के बयान पर भाजपा का तीखा सवाल
UP Latest News: पंजाब सरकार के बयान से यूपी में भी घिरी कांग्रेस, भाजपा ने पूछा तीखा प्रश्न।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। माफिया मुख्तार अंसारी (Mafia Mukhtar Ansari) को बचाने के आरोप झेलती रही कांग्रेस के लिए पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार ने नई मुसीबत खड़ी कर दी है। मुख्तार को जेल में वीआइपी सुविधाएं दिए जाने के पंजाब सरकार के बयान के बाद उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस निशाने पर आ गई है। भाजपा की ओर से प्रश्न उठाया गया है कि अब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा बताएं कि उनकी मुख्तार से क्या डील थी? उसे जेल में सुख-सुविधाएं देने के एवज में कांग्रेस ने क्या पाया?

loksabha election banner

उत्तर प्रदेश का माफिया मुख्तार अंसारी पंजाब की रूपनगर जेल में बंद था, जिसे यूपी में दर्ज मुकदमों के आधार पर योगी आदित्यनाथ सरकार यहां बांदा जेल लेकर आई। विधानसभा चुनाव के ऐन पहले सरकार के इस प्रयास में पंजाब की तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने खूब रोड़े अटकाए। वह नहीं चाहती थी कि मुख्तार अंसारी को यूपी की जेल में स्थानांतरित किया जाए।

तब इसे लेकर कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा भाजपा के निशाने पर रहीं। अब पंजाब सरकार के मंत्री ने सदन में बयान देकर नया सियासी हंगामा खड़ा कर दिया। इसे यहां भाजपा ने हाथों-हाथ लिया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी का कहना है कि भाजपा तब भी कहती रही कि कांग्रेस मुख्तार अंसारी को जेल में सुख-सुविधाएं दे रही है और उसक संरक्षण कर रही है। अब पंजाब सरकार के अधिकृत बयान से यह सिद्ध हो गया है कि भाजपा के आरोप राजनीतिक नहीं, बल्कि वास्तविक थे।

राकेश त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा के स्वर्गीय नेता कृष्णानंद राय की पत्नी अलका राय ने प्रियंका वाड्रा को कई पत्र लिखकर गुहार लगाई कि वह उनके पति के हत्यारे माफिया को संरक्षण न दें, लेकिन वह नहीं पसीजीं। आज राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से प्रश्न है कि वह बताएं कि आखिर उन्होंने मुख्तार से क्या डील की थी? गैंगस्टर ने उन्हें क्या दिया, जिसके बदले उसे जेल में इतनी सुख-सुविधाएं दी गईं?

इसी तरह मुख्यमंत्री के सूचना सलाहकार मृत्युंजय कुमार ने भी ट्वीट कर कांग्रेस को घेरा है। उन्होंने लिखा- 'जाली एफआइआर करके पंजाब की तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने ढाई साल तक मुख्तार अंसारी को बचाया। बीस लोगों के बैरक में मुख्तार अकेला वीआइपी की तरह अपनी पत्नी के साथ रहता था। जब यूपी पुलिस ने उसे ले जाने की कोशिश की तो उसके बचाव में वकील की फीस तक कांग्रेस ने भरी। एक गैंगस्टर से इतना लगाव क्यों?'

बता दें कि पंजाब विधानसभा में मंगलवार को उत्तर प्रदेश के माफिया मुख्तार अंसारी को लेकर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और विपक्षी कांग्रेस में तीखी बहसबाजी हो गई। आप सरकार के जेल मंत्री हरजोत बैंस ने कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार पर मुख्तार अंसारी को एक फर्जी केस में सवा दो साल पंजाब की जेल में बंद रखने का आरोप लगाया। बैंस ने तो यहां तक दावा किया कि 25 कैदियों को जिस बैरक में रखा जा सकता था वहां अकेले मुख्तार अपनी बीवी के साथ रहता था। बैंस ने विधानसभा में ऐलान किया कि इस मामले में उन्होंने एफआईआर दर्ज करके जांच के आदेश दे दिए हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.