Move to Jagran APP

UP Assembly by poll 2019 : उप चुनाव में भाजपा संगठन और सरकार ने झोंकी ताकत

उत्तर प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों पर होने जा रहे उप चुनाव में सभी दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। भाजपा संगठन और सरकार ने अपनी ताकत झोंक दी है।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Sun, 06 Oct 2019 08:44 PM (IST)Updated: Sun, 06 Oct 2019 10:22 PM (IST)
UP Assembly by poll 2019 : उप चुनाव में भाजपा संगठन और सरकार ने झोंकी ताकत
UP Assembly by poll 2019 : उप चुनाव में भाजपा संगठन और सरकार ने झोंकी ताकत

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों पर होने जा रहे उप चुनाव में सभी दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। भाजपा संगठन और सरकार ने अपनी ताकत झोंक दी है। 10 सीटों पर भाजपा सीधे मुकाबिल है, जबकि प्रतापगढ़ सीट सहयोगी अपना दल (एस) के खाते में दी गई है। इनमें 2017 के चुनाव में सिर्फ दो सीटें जलालपुर और रामपुर क्रमश: बसपा और सपा ने जीती थीं, लेकिन अबकी भाजपा सभी पर निगाह लगाए हैं।

loksabha election banner

सहारनपुर के गंगोह, रामपुर, अलीगढ़ के इगलास, कानपुर के गोविंदनगर, चित्रकूट के मानिकपुर, लखनऊ कैंट, बाराबंकी के जैदपुर, अंबेडकरनगर के जलालपुर, बहराइच के बलहा, प्रतापगढ़ और मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट पर चुनाव हो रहा है। अधिसूचना जारी होने से पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल इन क्षेत्रों का दौरा कर बूथ स्तर पर अपनी तैयारी मजबूत कर चुके हैं। अब दूसरे चरण में इन क्षेत्रों में जनसभा, बूथ सम्मेलन, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित वर्ग, महिला, अल्पसंख्यक और किसान सम्मेलन आयोजित किये जा रहे हैं। हर क्षेत्र में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह पहुंच रहे हैं या प्रदेश सरकार के किसी मंत्री का कार्यक्रम लग रहा है। प्रभारी बनाये गए मंत्री अपने क्षेत्रों में डेरा जमाये हैं।

भाजपा चुनाव प्रबंधन प्रभारी व प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर बताते हैं कि नेताओं के दूसरे चरण के भी दौरे शुरू हो गए हैं। बंसल अब तक इगलास, गंगोह, रामपुर और कैंट क्षेत्र में विधानसभा संचालन समिति, कोर ग्रुप और सेक्टर संयोजकों की बैठक कर चुके हैं, जबकि स्वतंत्र देव सिंह ने बलहा, जलालपुर और घोसी का दौरा कर लिया। राठौर बताते हैं कि इन क्षेत्रों में भाजपा के पक्ष में जनता का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। भाजपा ने चुनाव प्रचार के लिए किराये पर हेलीकॉप्टर लिया है। दशहरा के बाद से मुख्यमंत्री और अन्य स्टार प्रचारक हेलीकॉप्टर से चुनाव क्षेत्रों में जाएंगे।

तीन दिन में 11 सभाओं को संबोधित करेंगे योगी

मुख्यमंत्री नवरात्र की वजह से अभी सभाएं नहीं कर रहे हैं, लेकिन 15, 16 और 18 अक्टूबर को प्रदेश की सभी 11 क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। उन्हें महाराष्ट्र और हरियाणा के विधानसभा चुनाव में भी दौरा करना है। योगी 10 अक्टूबर को महाराष्ट्र जायेंगे जबकि 11 और 12 अक्टूबर को हरियाणा के दौरे पर रहेंगे। वह 13 और 14 को भी महाराष्ट्र जाएंगे।

भाजपा मुख्यालय में सोमवार को बैठक

भाजपा मुख्यालय में सोमवार को संगठनात्मक बैठक होगी। इस बैठक में पदयात्रा, उप चुनाव समेत कई बिंदुओं पर चर्चा होगी। इसमें प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, सभी प्रदेश महामंत्री, क्षेत्र प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष व संगठन मंत्री शामिल होंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.