Move to Jagran APP

भाजपा ने सदस्य नहीं भारत मां के रक्षक बनाए : अमित शाह

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने भाजपा के सभी सदस्यों को भारत मां का रक्षक बताया है। कानपुर में भाजपा के महासंपर्क अभियान की समीक्षा के उद्घाटन सत्र में शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सदस्य नहीं बल्कि भारत मां के रक्षक बनाये हैं।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Sat, 11 Jul 2015 03:45 PM (IST)Updated: Sat, 11 Jul 2015 05:59 PM (IST)
भाजपा ने सदस्य नहीं भारत मां के रक्षक बनाए : अमित शाह

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने भाजपा के सभी सदस्यों को भारत मां का रक्षक बताया है। कानपुर में भाजपा के महासंपर्क अभियान की समीक्षा के उद्घाटन सत्र में शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सदस्य नहीं बल्कि भारत मां के रक्षक बनाये हैं। यह सभी रक्षक देश पर किसी भी तरह की आंच नहीं आने देंगे।

loksabha election banner

उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी ने निशुल्क डिजिटल सदस्यता अभियान चलाकर पूरे देश में करीब 12 करोड़ सदस्य बनाए हैं। यह सिर्फ भाजपा के सदस्य नहीं हैं बल्कि देश की रक्षा करने के लिए रक्षक हैं। अब महासंपर्क अभियान के माध्यम से इन्हीं लोगों से संपर्क कर उनकी रुचि और समय देने की क्षमता के आधार पर पूरे देश में 15 लाख लोगों का चयन होगा जिन्हें बाद में प्रशिक्षित कर कार्यकर्ता तैयार किया जाएगा।

उनका स्वागत करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा यह बड़े गर्व की बात है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष समीक्षा बैठक में भाग लेने आये हैं। उनके मार्गदर्शन में महासंपर्क अभियान अपनी ऊंचाई तक पहुंचेगा। स्वागत सत्र का संचालन प्रदेश के महासंपर्क प्रमुख एवं प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश शर्मा ने किया।

यूपी विधानसभा चुनाव में मोदी व शाह होंगे भाजपा का चेहरा

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में पीएम नरेंद्र मोदी तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ही पार्टी के चेहरा होंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से भाजपा को जीत दिलाने के साथ जनता के हित में काम करने की गारंटी मांगी। सभी से यह गारंटी मांगी की जनता को भ्रष्टाचार मुक्त सरकार की मिले। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास नहीं अपराध का बोलबाला है। हाल के शाहजहांपुर तथा बाराबंकी कांड इसका ताजा उदाहरण हैं। विजयवर्गीय ने कहा कि बिहार में हुए विधानपरिषद की 24 सीटों के चुनाव में भाजपा के 13 विधायकों ने जीत हासिल कर वहां पर होने वाले विधानसभा चुनावों का परिणाम पहले से ही बता दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न दलों के महागठबंधन को भी इस चुनाव परिणाम ने बता दिया है कि आने वाले समय में क्या होने वाला है। सांसद देवेन्द्र सिंह भोले, विधायक सत्यदेव पचौरी और महानगर अध्यक्ष सुरेन्द्र मैथानी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र, मनोज सिन्हा के अलावा किसान मोर्चा के अध्यक्ष विजय पाल सोनकर, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के एसपी सिंह बघेल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. दिनेश शर्मा, राष्ट्रीय मंत्री महेन्द्र सिंह, मोर्चों के केंद्रीय प्रभारी महेन्द्र पांडेय आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

सपाइयों ने किया विरोध

समाजवादी पार्टी के पार्षद दल के नेता हाजी सुहैल अहमद, नवीन पंडित आदि ने अमित शाह के आने से स्थान के अपवित्र होने की बात कहते हुए बैठक स्थल के निकट ही दक्षिणेश्वर हनुमान मंदिर में एकत्र होकर सड़क पर गंगा जल छिड़क कर झाड़ू लगाने की कोशिश की। इस पर वहां मौजूद फोर्स ने उन्हें रोक कर गिरफ्तार कर लिया और स्वरूप नगर थाने में कुछ देर रखने के बाद छोड़ दिया। इसी तरह सपा ग्र्रामीण के कार्यकर्ताओं ने आशीष चौबे के नेतृत्व में थाना नजीराबाद के पास से काले गुब्बारे उड़ा कर विरोध प्रदर्शित किया।

इंटक नेताओं को दौड़ाया

लाल इमली सहित एनटीसी और बीआईसी की बंद मिलों को चालू करने के मुद्दे पर इंटक अध्यक्ष आशीष पांडेय और अजय सिंह के नेतृत्व में लोगों ने बैठक स्थल में घुसने की कोशिश की जिस पर भाजपाइयों ने रोक कर दौड़ा लिया। कुछ लोगों ने धक्का मुक्की करते हुए पिटाई भी की। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भी वहां घुसने की कोशिश कर रहे थे जिन्हें भाजपाइयों ने पीट दिया।

डॉ.जोशी, मेनका व वरुण ने किया किनारा

कानपुर में भारतीय जनता पार्टी के महासम्पर्क अभियान की समीक्षा बैठक से वहां के सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने ही किनारा कर लिया। वह बैठक में नहीं पहुंचे हैं। इनके साथ ही केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी तथा उनके सांसद पुत्र वरुण गांधी भी कानपुर नहीं पहुंचे हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.