बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने कहा, सेना का मनोबल तोड़ने का काम कर रही कांग्रेस
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने कहा कि प्रधानमंत्री का आत्मनिर्भर भारत अभियान कोरोना से लड़खड़ाई देश की अर्थव्यवस्था को फिर से मजबूती से खड़ा करने का उपक्रम है।
लखनऊ, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने कहा है कि भारत- चीन सैन्य संघर्ष को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनकी पार्टी की राजनीति देश की सेना का मनोबल तोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत-तिब्बत की सीमा पर चीन की जो हरकत है, वह एक राष्ट्रीय समस्या है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ विपक्षी दल, खासकर कांग्रेस, इसमें राजनीति करना चाहती है उन्होंने कहा कि इसके लिए पूरा विपक्ष दोषी नहीं है। विपक्ष में एनसीपी नेता शरद पवार जैसे लोग भी हैं जो इस समस्या को राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में देखते हैं और मिलकर इसका सामना करने की बात करते हैं।
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव रविवार को राजधानी स्थित विश्व संवाद केंद्र में लोकनीति की ओर से आयोजित दो दिवसीय उत्तर प्रदेश यंग थिंकर्स वर्चुअल मीटिंग के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का आत्मनिर्भर भारत अभियान कोरोना से लड़खड़ाई देश की अर्थव्यवस्था को फिर से मजबूती से खड़ा करने का उपक्रम है। देश को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाना सरकार का संकल्प है। वहीं, जनता ने चीन में बनी वस्तुओं के बहिष्कार का संकल्प लिया है। चीनी वस्तुओं के बहिष्कार के लिए करोड़ों देशवासी सामने आए हैं। उनकी भावना आदर योग्य है।
कोरोना संक्रमण के खिलाफ उत्तर प्रदेश में लड़ी जा रही जंग को लेकर राम माधव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी प्रशासनिक सूझबूझ की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि 20 करोड़ से ज्यादा की आबादी वाले उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के खिलाफ जारी लड़ाई में अद्भुत मिसाल पेश की है। सर्वाधिक जनसंख्या वाला राज्य होने के बावजूद कोरोना से प्रभावित देश के शीर्ष सात-आठ राज्यों में उत्तर प्रदेश शामिल नहीं है। उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के अब तक 20 हजार मामले ही सामने आए हैं, उनमें भी एक्टिव केस लगभग सात हजार हैैं और तकरीबन 14 हजार लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं। इसकी वजह यह है कि यहां के मुख्यमंत्री ने समय पर सही और दृढ़ निर्णय लिए। उन्होंने सबकी चिंता भी की। सबसे ज्यादा प्रवासी मजदूर यूपी में वापस आए। बावजूद इसके यहां कोरोना संक्रमण की स्थिति नियंत्रित रही।
उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए दो दिवसीय उत्तर प्रदेश यंग थिंकर्स वर्चुअल मिटिंग के समाहार सत्र भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राममाधव @rammadhavbjp जी के साथ प्रतिभाग किया pic.twitter.com/nCP6udFncd — Hriday Narayan Dixit (@Speaker_UPLA) June 28, 2020
सत्र को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि हमारे लोकतंत्र की जड़ें अथर्ववेद में मिलती हैं। आज का भारत 1962 का भारत नहीं है। यह भारत अपने राष्ट्र जीवन के मूल्यों के साथ प्रतिबद्धता, तकनीकी दक्षता में सक्षम नेतृत्व का भारत है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व पटल पर प्रभावी नेता बनकर उभरे हैं। लोकसभा सांसद डॉ रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि वह प्रयागराज के नैनी क्षेत्र को रोजगार का हब बनाने के लिए प्रयास कर रहीं हैं और आने वाले समय में इस लक्ष्य को पूरा करेंगी।
मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि राज्य सरकार स्टार्टअप को लेकर पाठ्यक्रम तैयार कर रही है। इससे पहले नोकिया इंडिया के बिजनेस हेड अजय मेहता ने कहा कि भारत में अभी 70 फीसद मोबाइल फोन चीन में बने हुए हैं। आने वाले समय में नोकिया भारत में बड़े स्तर पर निवेश करने वाला है। दूसरे दिन के दूसरे सत्र में लोक गायिका मालिनी अवस्थी ने कला और संस्कृति के संवर्धन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हमारी सांस्कृतिक विरासत गौरवपूर्ण रही है। हमें उस गौरव को संजो कर रखना है।