दूसरी औरत के साथ पकड़े गए भाजपा नेता, पत्नी ने अपार्टमेंट में किया हाईवोल्टेज ड्रामा
लखनऊ में भाजपा नेता की पत्नी ने दूसरी महिला के साथ पति को पकड़ा एक दूसरे के विरूद्ध दर्ज कराया मुकदमा।
लखनऊ, जेएनएन। भाजपा नेता को फ्लैट में दूसरी महिला के साथ देख उनकी पत्नी भड़क गई। देर रात तक पूरे अपार्टमेंट में जमकर हंगामा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची। मामला गोमतीनगर थाने आया तो यहां भी सारी रात दोनों पक्षों के दर्जनों लोगों का जमावड़ा लगा रहा। सुबह होने तक भाजपा नेता की पत्नी ने उनके साथ मिली महिला के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कराया। भाजपा नेता के साथ मिली महिला ने भी उनकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
नोएडा के ओमेक्स में रहने वाली अनु त्यागी के पति भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी हैं। श्रीकांत त्यागी गोमतीनगर के ग्रीनवुड अपार्टमेंट में एक फ्लैट किराये पर लेकर रहते हैं। अनु त्यागी अपने बच्चों के साथ रविवार रात करीब 11:30 बजे उनके फ्लैट पर पहुंची। अनु के अचानक पहुंचने पर भाजपा नेता भौचक रह गए। अनु त्यागी जैसे ही कमरे में घुसी तो वहां पहले से महिला मांडवी सिंह भी मौजूद थीं। पति को दूसरी औरत के साथ देख अनु त्यागी भड़क गईं। दोनों ही महिलाओं में मारपीट होने लगी। अपार्टमेंट के लोग भी घरों से बाहर निकल आए। इस बीच डायल 112 पर किसी ने मारपीट की सूचना दी। गोमतीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद अनु त्यागी और मांडवी सिंह थाने पर आ गईं। अनु त्यागी ने बच्चों के साथ पति के फ्लैट में पहुंचने पर मांडवी सिंह की ओर से मारपीट किए जाने का मामला दर्ज कराया। उन्होंने मांडवी पर बिना शादी के पति के साथ रहने की भी बात कही। वहीं, मांडवी सिंह की ओर से अनु त्यागी पर रात करीब 12 बजे अपार्टमेंट में टहलते समय हमला किए जाने की प्राथमिकी दर्ज करायी गई।
कुछ दिन पहले किराए पर लिया फ्लैट
जिस फ्लैट में मांडवी सिंह के साथ श्रीकांत त्यागी को उनकी पत्नी अनु त्यागी ने पकड़ा, वह फ्लैट कुछ दिन पहले ही श्रीकांत त्यागी ने किराये पर लिया था। श्रीकांत त्यागी को पुलिस की ओर से सुरक्षा भी मिली हुई है। वहीं रात दो बजे मांडवी सिंह के पक्ष में भी कई राजनेता पहुंच गए। भारी बवाल के बीच सुबह चार बजे मांडवी सिंह को पुलिस ने छोड़ दिया। इस दौरान श्रीकांत त्यागी भी थाने पर बने रहे। वहीं, श्रीकांत त्यागी के सात और नौ साल के बेटों ने कहा कि उनकी मां अनु त्यागी के हाथ में चोटें आयी हैं। वहीं, ग्रीन वुड सोसाइटी के कुछ लोगों का कहना है कि मांडवी सिंह खुद को एनजीओ संचालिका बताती हैं। आए दिन वह अपार्टमेंट में हंगामा करती हैं।