BJP Foundation Day : भाजपा का स्थापना दिवस आज, PM मोदी व BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे वर्चुअल संबोधन
BJP 41st Foundation Day बूथ स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों के अलावा प्रदेश जिला व मंडल कार्यालयों में डिजिटल माध्यमों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का वर्चुअल संबोधन सुना जाएगा। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता अपने घरों पर पार्टी का ध्वज लगाएंगे।
लखनऊ, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी मंगलवार यानी छह अप्रैल को अपना 41वां स्थापना दिवस मनाएगी। मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता अपने घरों पर पार्टी का ध्वज लगाएंगे। इस दिन बूथ स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों के अलावा प्रदेश, जिला व मंडल कार्यालयों में डिजिटल माध्यमों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का वर्चुअल संबोधन सुना जाएगा।
प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने बताया कि मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में होने वाले स्थापना दिवस कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह तथा महामंत्री संगठन सुनील बंसल समेत अन्य प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान सभी बूथ समिति के अध्यक्षों व सदस्यों को अपने क्षेत्र में घरों पर भाजपा का झंडा लगाने को कहा गया है। स्थापना दिवस कार्यक्रम क्षेेत्रीय, जिला व मंडल कार्यालयों पर भी आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान एलईडी स्क्रीन, टीवी व कम्प्यूटर स्क्रीन पर 10:30 बजे से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का संबोधन सुना जाएगा। प्रधानमंत्री का संबोधन डिजिटल प्लेटफार्म पर सुना जा सकता है।
शुक्ला ने बताया कि स्थापना दिवस पर बूथ समिति की बैठकें भी होंगी। क्षेत्र, जिला, महानगर व मंडल स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों में पार्टी के सभी पदाधिकारी, सांसद, विधायक, महापौर, अयोग, निगम, बोर्ड के अध्यक्ष एवं सदस्य तथा अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
प्लास्टिक पर अंकुश का संकल्प : स्थापना दिवस पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ता जलसंरक्षण व प्लास्टिक पर अंकुश लगाने का संकल्प भी लेंगे। कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास की जानकारी देने के साथ सेवा कार्यों को राजनीति में ध्येय बनाने की प्रेरणा दी जाएगी। कोरोना संक्रमण से बचाव व टीकाकरण को प्रोत्साहित करने के लिए कार्यकर्ता जागरूकता अभियान भी चलाएंगे।