UP Panchayat Chunav: भाजपा ने पंचायत चुनाव जीतने के लिए बनाई रणनीति, पूरे प्रदेश में 15 हजार से अधिक कार्यक्रम
UP Panchayat Chunav यूपी बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि पंचायतों में व्यवस्था परिर्वतन के लिए मैदान में उतरी पार्टी लगातार चुनावी तैयारी कर रही है। बूथ संपर्क अभियान के अलावा ग्राम सभा व जिला पंचायत वार्ड बैठकों का दौर पूरा हो चुका है।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पंचायत चुनावों को सत्ता के सेमीफइनल की तरह देखा जा रहा है। पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी ने विस्तृत कार्ययोजना पर अमल तेज कर दिया है। पंचायतों में विजय लक्ष्य पूरा होने का दावा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का कहना है कि अंत्योदय संकल्प पूरा करने के लिए चुनाव लड़ा जा रहा है।
यूपी बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि पंचायतों में व्यवस्था परिर्वतन के लिए मैदान में उतरी पार्टी लगातार चुनावी तैयारी कर रही है। बूथ संपर्क अभियान के अलावा ग्राम सभा व जिला पंचायत वार्ड बैठकों का दौर पूरा हो चुका है। प्रत्याशियों के चयन को वार्ड व जिला स्तर पर कमेटियां गठित कर दी गई है। उम्मीदवारों के चयन में समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। जिला पंचायतों के वार्ड प्रत्याशियों की सूची प्रदेश से जारी होगी। जिला पंचायतों के सभी 3051 वार्डेां में उम्मीदवार उतारे जाएंगे।
प्रत्येक वार्ड में बड़ी जनसभा, शामिल होंगे दिग्गज : जिला पंचायत वार्डों पर फोकस कर रही भाजपा प्रत्येक वार्ड में एक बड़ी जनसभा आयोजित करेगी, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के अलावा स्थानीय विशिष्ट जनों का संबोधन होगा। साथ ही प्रत्येक वार्ड में विभिन्न वर्गों के कम से कम पांच कार्यक्रम किए जाएंगे। इस प्रकार पूरे प्रदेश में 15 हजार से अधिक कार्यक्रम आयोजित कर भाजपा चुनाव प्रचार करेंगी। महिला, किसान, युवाओं के अलावा अनुसूचित जाति व पिछड़ा वर्ग की बैठकें माहौल बनाने के लिए आयोजित की जाएंगी। प्रदेश उपाध्यक्ष व पंचायत चुनाव प्रभारी विजय बहादुर पाठक ने बताया कि मंडलस्तर पर मुख्यमंत्री व अन्य शीर्ष नेताओं की सभाएं भी आयोजित कराने की तैयारी है।
प्रभारी डालेंगे जिलों में डेरा : पंचायत चुनाव के लिए संगठन द्वारा नियुक्त प्रभारियों को अपने क्षेत्रों व जिलों में प्रवास को कहा गया है। स्थानीय स्तर पर नामित किए पदाधिकारियों के साथ बैठकें करके योजनाबद्ध तरीके से प्रचार तेज करने को कहा गया है। प्रदेश मुख्यालय से नियमित मानिटिरिंग की जा रही है।