भाजपा की पहली वर्चुअल रैली रविवार को, सीएम होंगे शामिल; दस लाख लोगों को जोडऩे की तैयारी
पश्चिमांचल की रैली कल जेपी नड्डा व योगी शामिल होंगे। पश्चिमांचल की रैली में राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा व योगी शामिल होंगे।
लखनऊ, जेएनएन। भाजपा की वर्चुअल रैलियों की शुरूआत रविवार से होगी। पहली पश्चिमांचल की रैली में राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह शामिल होंगे। प्रत्येक रैली के लिए दस लाख लोगों को लिंक भेजे जा रहे हैं। महिला व युवाओं को जोडऩे पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। तैयारी के लिए शुक्रवार को भी जिला व मंडल स्तर पर बैठकों का सिलसिला जारी रहा। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह व संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने तैयारी की समीक्षा करते हुए कोरोना संक्रमण के बचाव के उपायों का पालन करने के निर्देश दिए।
पहली जनसंवाद रैली में अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा दिल्ली से जुड़ेंगे जबकि संचालन लखनऊ स्थित भाजपा मुख्यालय से होगा जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह मौजूद रहेंगे। स्वतंत्र देव ने बताया कि हर जनसंवाद रैली में दस लाख से अधिक लोगों को मोबाइल में लिंक भेजकर रैली में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। फेसबुक, यू टयूब चैनल व ट्विटर के माध्यम से भी सभी वर्गों के लोगों को जोडऩे में कार्यकर्ता जुड़े हैं।
केंद्रीय मंत्री रविशंकर और डिप्टी सीएम आज करेंगे जनसंवाद
मोदी सरकार की वर्षगांठ पर चल रहे भाजपा के आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत शनिवार को केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद वकीलों व सेवानिवृत्त न्यायाधीशों से वर्चुअल संवाद करेंगे। वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं व बैंक सखियों से संवाद करेंगे। प्रदेश सहमीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे ने बताया कि डिजिटल संवाद के इस क्रम में राष्ट्रीय महामंत्री डा. अनिल जैन चिकित्सा शिक्षा से जुड़े मेडिकल व डेंटल कालेज और नर्सिंग कालेजों के विद्यार्थियों से शनिवार को ही संवाद करेंगे।
प्रदेश सरकार के ग्राम्य विकास मंत्री राजेन्द्र प्रताप सिंह 'मोती सिंह' सेवानिवृत्त बीडीओ, पंचायत सचिव व ग्राम प्रधान आदि से संवाद करेंगे। विधि परामर्श वर्ग के साथ वर्चुअल जनसंवाद का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष बीएल वर्मा करेंगे। चिकित्सा शिक्षा से जुड़े लोगों के साथ संवाद कार्यक्रम का संचालन महामंत्री विजय बहादुर पाठक करेंगे।