BJP Executive : भाजपा के वीवीआइपी से व्यस्त रहा बनारस एयरपोर्ट
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी भी बैठक भले ही इलाहाबाद में हो लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी का एयरपोर्ट काफी व्यस्त है।
लखनऊ (जेएनएन)। इलाहाबाद में राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल होने के लिए एक के बाद एक भारतीय जनता पार्टी के वीवीआइपी के आगमन से पूरे दिन वाराणसी का बाबतपुर एयरपोर्ट व्यस्त रहा। सभी यहां से सड़क मार्ग से इलाहाबाद गए। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया इलाहाबाद रवाना होने से पूर्व श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर, मां अन्नपूर्णा और बाबा काल भैरव के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचीं। आचार्य श्रीकांत मिश्र ने 11 ब्राह्मणों द्वारा 21 लीटर दूध से बाबा का अभिषेक कराया। वहां से निकल मां अन्नपूर्णा के मंदिर पहुंच उन्होंने कुमकुम पूजन किया। मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में उन्होंने कहा कि देश में जाट आंदोलन शीघ्र ही समाप्त हो जाएगा। मुख्यमंत्री बाबा काल भैरव के दरबार में भी मत्था टेकने पहुंची थीं। वसुंधरा का काफिला दोपहर में बनारस से मीरजापुर के लिए रवाना हुआ, जहां उन्होंने मां विंध्यवासिनी के दरबार में हाजिरी लगाई और दर्शन-पूजन किए।
वाराणसी एयरपोर्ट आकर इलाहाबाद रवाना होने वाले अन्य भाजपा नेताओं में केंद्रीय बंडारू दत्तात्रेय सहित राजीव प्रताप रूड़ी, वरुण गांधी, सीआर पाटिल, मनोज सिन्हा आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे। वरुण गांधी के आगमन पर कार्यकर्ताओं ने 'हमारा सीएम कैसा हो वरुण गांधी जैसा हो' के नारे लगे। सभी नेताओं के आगमन पर उनका स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ा हुआ था।
गहमागहमी से आम यात्री परेशान
मंत्रियों के बारी-बारी आने की वजह से हूटर लगे वाहन उन्हें रिसीव करने पहुंचते और रवाना होते कि दूसरा काफिला किसी और को लेने पहुंच जा रहा था। यह क्रम दोपहर बाद तक चलता रहा। बड़ी संख्या में टर्मिनल भवन के बाहर समर्थकों के जुटे रहने से आम यात्रियों को आने-आने में काफी समस्या झेलनी पड़ी।